रोहित कश्यप, मुंगेली। जिले में पेट्रोल पंपों पर अचानक बढ़ी भीड़ के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है। अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के चलते बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं, जिससे कई जगहों पर भीड़ की स्थिति बन गई है। इसे देखते हुए कलेक्टर कुंदन कुमार ने आमजन से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और जरूरत अनुसार ही ईंधन लें।

कलेक्टर ने जिला कलेक्ट्रेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक लेकर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार सभी पेट्रोल पंपों की मॉनिटरिंग कर रहा है और ईंधन की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं को सुगमता से ईंधन उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने दी जाए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कालाबाजारी, जमाखोरी और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही एम्बुलेंस, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर ईंधन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

भीड़ और कानून व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए जिले में लगातार पुलिस पेट्रोलिंग की जा रही है। आवश्यकता अनुसार कार्यपालिक दंडाधिकारी, फूड इंस्पेक्टर और पुलिस बल की ड्यूटी भी लगाई गई है। प्रशासन द्वारा सभी पेट्रोल पंपों पर संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर भी चस्पा किए गए हैं, ताकि किसी भी समस्या की स्थिति में लोग तत्काल प्रशासन से संपर्क कर सकें।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H