सुमन चौहान, करनाल। विकास कार्यों को लेकर नगर निगम बेहद सख्त नजर आ रहा है। नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने शनिवार शाम को शहीद उधम सिंह चौक से मेरठ रोड तक बन रही सड़क का अचानक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने चल रहे निर्माण कार्यों की रफ्तार और उसकी क्वालिटी का बारीकी से जायजा लिया। मौके पर मौजूद इंजीनियरों को निर्देश देते हुए उन्होंने साफ किया कि सड़क बनाने में किसी भी तरह की लापरवाही या खराब सामग्री का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इंजीनियर हर दिन करेंगे काम की निगरानी

निगमायुक्त ने अधिकारियों को आदेश दिए कि जूनियर इंजीनियर हर दिन निर्माण स्थल पर जाकर काम की नियमित रूप से देखरेख करेंगे। उन्होंने कहा कि बड़े अधिकारी भी समय-समय पर खुद आकर काम की जांच करें और हर चरण की समीक्षा करें। बेहतर देखरेख से ही सड़क को मजबूत और टिकाऊ बनाया जा सकता है।

साढ़े चार किलोमीटर लंबी सड़क पर मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि लगभग साढे चार किलोमीटर लंबी इस सड़क को बनाने में करीब सात करोड़ बानवे लाख रुपये की लागत आ रही है।

इस प्रोजेक्ट के तहत सिर्फ सड़क ही नहीं चमकेगी, बल्कि सड़क के दोनों ओर पेड़-पौधे लगाए जाएंगे, फुटपाथ बनेगा और पैदल चलने वालों के लिए जेब्रा क्रॉसिंग बनाई जाएगी। इसके अलावा रात में सुरक्षा के लिए विशेष रिफ्लेक्टर यानी कैट आई और रोड मार्किंग भी की जाएगी, जिससे यह सड़क पूरी तरह सुरक्षित और आधुनिक दिखेगी।

सामग्री की होगी लैब जांच, ठेकेदार पर रहेगी सख्ती

कमिश्नर ने निर्देश दिए कि सड़क बनाने में इस्तेमाल होने वाले मटीरियल और उसकी हर परत के सैंपल लेकर समय-समय पर लैब में जांच कराई जाए।

यदि ठेकेदार या निर्माण एजेंसी के काम में कोई कमी मिलती है, तो उसके खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने काम में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि वह जल्द ही दोबारा अचानक निरीक्षण करने आएंगी।

सड़क को मजबूत बनाने के लिए पानी के छिड़काव के निर्देश

कार्यकारी इंजीनियर ने बताया कि सड़क के एक तरफ गिट्टी और तारकोल की शुरुआती परतें बिछाई जा चुकी हैं और अब आखिरी कंक्रीट की परत डालना बाकी है। वहीं दूसरी तरफ नूर महल होटल चौक से मेरठ रोड तक गिट्टी बिछाने का काम पूरा हो चुका है।

इस पर निगमायुक्त ने कहा कि बिछाई गई गिट्टी पर रोजाना पर्याप्त पानी का छिड़काव किया जाए ताकि वह अच्छी तरह जम सके और सड़क लंबे समय तक मजबूत बनी रहे। उन्होंने दोहराया कि शहर के लोगों को बेहतर सुविधाएं देना ही प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H