लवकुश बैरागी, आगर-मालवा। सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए हुए उपचुनाव का परिणाम घोषित हो गया है। 29 सितंबर को हुए मतदान के बाद आज, 3 अक्टूबर को हुई मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी प्रदीप सोनी ने 960 मतों के बड़े अंतर से शानदार जीत हासिल की है। चुनावी नतीजे सामने आते ही भाजपा खेमे में जश्न का माहौल बन गया।

मतगणना के आंकड़े

कुल मतदाता संख्या: 13,843
कुल डाले गए वोट: 10,515
प्रदीप सोनी (भाजपा): 5,663 वोट
कांग्रेस प्रत्याशी: 4,703 वोट
नोटा (NOTA): 149 वोट
जीत का अंतर: 960 वोट

जीत के बाद जमकर नारेबाजी और रैली

मतगणना केंद्र के बाहर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। जीत का आधिकारिक ऐलान होते ही कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जश्न मनाना शुरू कर दिया। मतगणना कार्यालय से विजयी जुलूस और रैली निकाली गई, जिसमें समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

जनता ने विकास पर जताया भरोसा

सुसनेर की जनता ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर नगर परिषद की कमान अब प्रदीप सोनी के हाथों में सौंप दी है। इस जीत के बाद सुसनेर नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। नवनिर्वाचित अध्यक्ष के सामने अब शहर के लंबित विकास मुद्दों को प्राथमिकता से पूरा करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m