अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश में इन दिनों सूरज की तपिश और भीषण गर्मी ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। इसी बीच शहडोल जिले के अमलाई थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बीच एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में सड़क के किनारे खुले मैदान में पाया गया। मृतक की पहचान कृष्णा कोल के रूप में हुई है। जिसकी गर्मी के चलते मौत की आशंका जाहिर की जा रही है।
घटना अमलाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत ‘पीछे जंगल दगाई’ इलाके की है। बताया जा रहा है कि मृतक कृष्णा कोल कुछ समय पहले अपने घर से पैसों की मांग कर निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। घटना के दिन क्षेत्र का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस भीषण और तपती धूप में युवक का शव लंबे समय तक खुले आसमान के नीचे सड़क किनारे पड़ा रहा।
अत्यधिक गर्मी और लू के थपेड़ों के कारण मृतक की त्वचा बुरी तरह झुलस चुकी थी। आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत अत्यधिक गर्मी और डिहाइड्रेशन लू लगने के कारण हुई होगी। वहीं, यह बात भी सामने आई है कि मृतक नशे का आदी था। सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना जैसे ही स्थानीय लोगों को मिली, इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पाण्डेय पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर शव को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार करवाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। जहाँ रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता लग सकेगा।
अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पाण्डेय ने बताया कि सड़क के किनार का शव मिला है, जिसकी स्किन झुलसी हुई है। शव काफी देर तक धूप में रहने के कारण स्किन झुलसी होगी। हालांकि, युवक नशे का आदी भी था, इसलिए पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मौत के असली और सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा फिलहाल पुलिस मामले की मर्ग जाँच में जुटी हुई है।

