कर्नाटक के बीदर जिले में संदिग्ध आतंकी कनेक्शन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने भालकी तालुक के एनकूर गांव निवासी 24 वर्षीय विशाल कुमार मैत्रे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धाराओं 18, 20 और 39 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

खुफिया इनपुट के आधार पर शुरू हुई जांच

यह मामला खटक चिंचोली पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, बाल्की रूरल सर्कल के CPI की शिकायत पर पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए केस दर्ज किया। पुलिस को जांच के दौरान पाकिस्तान स्थित एक प्रतिबंधित संगठन से जुड़े कथित व्हाट्सऐप लिंक की जानकारी मिली थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिसंबर 2025 से इस मामले में गुप्त जांच चल रही थी। आरोपी के मोबाइल फोन की जांच के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री मिलने की बात भी सामने आई है।

FIR में पाकिस्तान के शहजाद भट्टी समेत कई नाम

मामले की FIR में पाकिस्तान के रहने वाले शहजाद भट्टी, राणा हुसैन और नोमी खान के नाम भी दर्ज हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के आशू शर्मा, मध्य प्रदेश के खरगोन के राज भाई और बीदर के कुछ अज्ञात लोगों का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस मामले में अन्य संभावित कड़ियों की जांच कर रही है।

मोतिहारी में भी सामने आया था कथित भट्टी नेटवर्क कनेक्शन

इससे पहले बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में भी शहजाद भट्टी नेटवर्क से कथित तौर पर जुड़े एक युवक को गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, उसके मोबाइल से आतंकी हमलों से जुड़े वीडियो, तस्वीरें और कथित तौर पर आपत्तिजनक सोशल मीडिया सामग्री मिली थी।

पूछताछ में युवक ने सोशल मीडिया के जरिए नेटवर्क के अली गुज्जर से संपर्क में आने की बात कथित तौर पर बताई थी। इसके बाद पुलिस ने उसके मोबाइल और सोशल मीडिया कनेक्शन की डिजिटल जांच शुरू की।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m