मनेंद्र पटेल, दुर्ग। जनपद पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) रूपेश पांडेय के निलंबन के बाद जिले की राजनीति गरमाने लगी है। भाजपा नेता एवं पूर्व सरपंच पुराण देशमुख के साथ विवाद का वीडियो वायरल होने के बाद संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने सोमवार को सीईओ रूपेश पांडेय को निलंबित कर दिया। निलंबन के कुछ ही घंटों बाद रूपेश पांडेय ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर मुख्य सचिव से मुलाकात करेंगे। न्याय नहीं मिलने पर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।

जानकारी के अनुसार, दुर्ग जिलाध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पूर्व विधायक अरुण वोरा के निवास पहुंचे। इसी दौरान निलंबित सीईओ रूपेश पांडेय भी वहां पहुंचे और उन्होंने अपने निलंबन को लेकर पूरी जानकारी बघेल को दी और कहा कि उनके खिलाफ एकपक्षीय कार्रवाई की गई है। उन्होंने दावा किया कि मामले के सभी तथ्यों को सामने लाए बिना प्रशासन ने निलंबन की कार्रवाई कर दी।

narayana

न्याय नहीं मिलने पर जा सकते हैं हाईकोर्ट

मीडिया से चर्चा में रूपेश पांडेय ने कहा कि उन्हें अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने इसे एकपक्षीय कार्रवाई बताते हुए कहा कि वे अब मुख्य सचिव के समक्ष अपील करेंगे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे। न्याय के लिए हाईकोर्ट भी जा सकते हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई

गौरतलब है कि हाल ही में भाजपा नेता एवं पूर्व सरपंच पुराण देशमुख और सीईओ रूपेश पांडेय के बीच विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ लिया और प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए सीईओ के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। अब निलंबित अधिकारी की पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात के बाद इस मामले के राजनीतिक रंग लेने की संभावना जताई जा रही है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा प्रदेश की राजनीति में और अधिक चर्चा का विषय बन सकता है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H