सुरेश पांडेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली में करोड़ों रुपये के 4.47 हेक्टेयर भूमि घोटाले का मुख्य आरोपी और निलंबित पटवारी राजेश नामदेव जिला अस्पताल में इलाज के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया है। आरोपी शौच करने के बहाने खिड़की से कूदकर भाग निकला।

इस गंभीर लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) सियाज केएम ने ड्यूटी पर तैनात सहायक उप निरीक्षक (ASI) गुलाब प्रसाद और आरक्षक श्यामबाबू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

शौच के बहाने खिड़की से कूदा आरोपी

मिली जानकारी के अनुसार, भूमि घोटाले के आरोपी निलंबित पटवारी राजेश नामदेव को इलाज के लिए जिला अस्पताल बैढ़न में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात था। शनिवार को आरोपी ने शौच जाने का बहाना बनाया और मौका पाकर शौचालय की खिड़की से कूदकर फरार हो गया। जब तक सुरक्षाकर्मियों को भनक लगती, आरोपी ओझल हो चुका था।

जिले की सीमाएं सील, सर्च ऑपरेशन जारी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बैढ़न और मोरवा पुलिस की संयुक्त टीमें गठित कर आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है। एहतियात के तौर पर जिले की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है और गाड़ियों की सघन चेकिंग की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m