शिखिल ब्यौहार, भोपाल। राजधानी भोपाल के एमपी नगर थाना इलाके में एक 13 वर्षीय स्कूली छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। किशोरी का शव उसके घर के पास स्थित एक खाली सरकारी क्वार्टर के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस को मृतका के पास से अंग्रेजी में लिखा एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, हालांकि छात्रा के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के कारण पुलिस हत्या की आशंका जताते हुए सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।
स्कूल के लिए निकली थी, शाम को क्वार्टर में मिला शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 8वीं कक्षा में पढ़ने वाली 13 वर्षीय छात्रा शुक्रवार सुबह करीब 10:40 बजे खाना खाकर स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। जब वह देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी, तो चिंतित परिजनों ने रात करीब 8:00 बजे एमपी नगर थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस और परिजन उसकी तलाश कर ही रहे थे कि शुक्रवार शाम करीब 6:38 बजे घर के ठीक बगल में स्थित सरकारी क्वार्टर के एक कमरे में किशोरी का शव फंदे से लटकता मिला।
शरीर पर चोट के निशान, कटी मिली नस
घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पुलिस को छात्रा के हाथों की नस कटी हुई मिली और उसके पैरों पर भी चोट के गंभीर निशान पाए गए। इन निशानों को देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला केवल खुदकुशी का नहीं लग रहा है, जिससे पुलिस हत्या कर शव को लटकाए जाने की आशंका जता रही है। मौके से बरामद अंग्रेजी के सुसाइड नोट को भी जब्त कर हैंडराइटिंग जांच के लिए भेजा गया है।
दोस्तों और सहपाठियों से पूछताछ जारी
घटना की सूचना मिलते ही एमपी नगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मृतका के परिजनों, दोस्तों, स्कूल के सहपाठियों और आसपास के लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में किसी अन्य बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही मौत की असली वजह और पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


