चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के गांधीनगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। छोटा बांगड़दा स्थित कमल रेजिडेंसी के एक फ्लैट में बिजली विभाग में लाइनमैन की संदिग्ध अवस्था में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे मामला पेचीदा हो गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और फ्लैट में रहने वाली महिला से गहन पूछताछ की जा रही है।
पीछे के दरवाजे से घर में घुसा था लाइनमैन
पुलिस के अनुसार, मृत युवक की पहचान निर्मल राजपूत के रूप में हुई है, जो बिजली विभाग में लाइनमैन के तौर पर काम करता था। उसकी पत्नी और एक बेटी भी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बीती रात निर्मल राजपूत कथित तौर पर पीछे के गेट से इस फ्लैट में घुसा था। सुबह फ्लैट में रहने वाली महिला ने आसपास के अन्य फ्लैट के रहवासियों को सूचना दी कि उसके घर में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। इसके बाद रहवासियों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवाया।
शरीर पर चोट के निशान, महिला से पूछताछ जारी
एसीपी निधि सक्सेना ने बताया कि कमल रेजिडेंसी के फ्लैट में रहने वाली यह महिला अपने पति से अलग रहती है। मृतक निर्मल राजपूत के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मौत के कारणों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि निर्मल रात को पिछले दरवाजे से घर के अंदर कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस महिला से लगातार पूछताछ कर रही है तथा तमाम तकनीकी व मेडिकल पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

