Odisha Desk, गजपति: ओडिशा के गजपति जिले में स्थित पारलाखेमुंडी उप-कारागार (सब-जेल) में बंद एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान रायगढ़ थाना क्षेत्र के जीरांग तांकलासाही निवासी रुना बड़ा रायत के रूप में हुई है। पॉक्सो (POCSO) कानून के तहत दर्ज एक मामले में वह गत 10 अगस्त से सब-जेल में बंद था। कैदी की मौत के बाद उसकी पत्नी ने गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की गुहार लगाई है।
मृतक की पत्नी ने बताया कि घटना से एक शाम पहले ही रुना ने उनसे फोन पर बात की थी और उस समय वह पूरी तरह स्वस्थ थे। हालांकि, देर रात लगभग 1 बजे अचानक फोन आया और बताया गया कि रुना की तबीयत खराब है और परिजनों को तुरंत अस्पताल पहुंचने को कहा गया।
पत्नी ने अपनी अस्वस्थता और बच्चे को बुखार होने की बात कहकर सुबह आने का अनुरोध किया, लेकिन प्रशासन की तरफ से तुरंत आने का दबाव बनाया गया। जब परिजन सुबह जिला मुख्य अस्पताल (DHH) पहुंचे, तब तक रुना की मौत हो चुकी थी। भावुक होकर मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि उसके पति को जेल के भीतर मार दिया गया है।
दूसरी ओर, जेल अधिकारी कामाक्षी पति ने बताया कि रात लगभग 8:30 बजे रुना को सांस लेने में तकलीफ महसूस हुई थी। जेल के फार्मासिस्ट ने उनका प्राथमिक उपचार कर दवाइयां दीं, लेकिन मध्यरात्रि करीब 12:25 बजे स्थिति बिगड़ने पर उन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से जिला मुख्य अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आदर्श थाना अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने अपमृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है। चूंकि कैदी की मौत हिरासत में हुई है, इसलिए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के दिशानिर्देशों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ-साथ जेल में विभागीय जांच भी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



