शामली. जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद रविवार को शामली पहुंचे. यहां उन्होंने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी. वहीं उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ भी की. उन्होंने श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से मुलाकात ना करने को लेकर कहा कि ‘मुख्यमंत्री जी का यह निर्णय सराहनीय है क्योंकि उनके ऊपर आरोप लगे हैं और आरोपित व्यक्ति से नहीं मिलना चाहिए.’

स्वामी ने निशाना साधते हुए कहा कि जिस ट्रस्ट से सीधा पीएमओ जुडा हो, जो दिशा निर्देश ऊपर से आएंगे वही रिपोर्ट शासन को जाएगी. ट्रस्ट में चोरी के सबूत न मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो गोबर से पैसा निकल रहा है, क्या वह सबूत नहीं है? स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने आगे कहा कि सीसीटीवी से छेड़छाड़ हुई है, क्या वह सबूत नहीं है? जो आवाज उठाता है उसको निकाल दिया जाता है, क्या वह सबूत नहीं है?

इसे भी पढ़ें : राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर लखनऊ पीठ में दाखिल की गई नई याचिका, उच्चस्तरीय न्यायिक आयोग गठित करने की मांग

स्वामी ने मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि नृपेंद्र मिश्रा ने मुलायम सिंह यादव की सरकार के समय गौ सेवकों पर गोलियां चलवाईं थीं और अब अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करवा रहा है. उसने हमारे भाइयों की हत्या करवाई. उसको राम मंदिर परिसर में देखकर भी हमारा खून खौलता है.’