जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान नीशु आजाद के पिता से मारपीट के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने बुलंदशहर से हिरासत में लिया है. मामले में नीशु आजाद ने आरोपी के समर्थकों पर गाली-गलौज और रेप की धमकियां देने का भी आरोप लगाया है.
बुलंदशहर. दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रा नीशु आजाद के पिता संजय आजाद के साथ कथित मारपीट के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लिया है. पुलिस को उसके बुलंदशहर में मौजूद होने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद एक टीम सादे कपड़ों में वहां पहुंची और उसे पकड़ लिया.
इससे पहले स्वतंत्र भारद्वाज के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई थी. उसके हेलमेट पहनकर बाइक से वहां से निकलने की बात भी कही जा रही थी.
थाने के बाहर रही गहमागहमी
संजय आजाद से मारपीट के मामले को लेकर शुक्रवार को पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर दिनभर गहमागहमी रही. इस दौरान नीशु आजाद, उनके पिता संजय आजाद, आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद, सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास, आशुतोष रांका और वकील ऋषभ रंजन ने मीडिया से बातचीत की.
सभी ने पुलिस के साथ हुई बातचीत और मामले से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी साझा की.
नीशु ने लगाए गंभीर आरोप
सीजेपी कार्यकर्ता नीशु आजाद ने आरोप लगाया कि पिछले कई दिनों से आरोपी के समर्थक उन्हें गालियां दे रहे थे और रेप की धमकियां दे रहे थे. उन्होंने बताया कि इस संबंध में वह पहले ही एफआईआर दर्ज करा चुकी हैं.
नीशु आजाद ने कहा कि अब इस मामले में शिकायत दर्ज की गई है और उन्हें उम्मीद है कि पुलिस संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी.



