कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की समर्थक के पिता पर हमले के मामले में हिरासत में लिए गए हिंदूवादी इंफ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज (Swatantra Bhardwaj) को शनिवार को दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने स्वतंत्र भारद्वाज को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। इससे एक दिन पहले पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया था। इसके बाद उन्हें दिल्ली लाया गया और शनिवार को कोर्ट के सामने पेश किया गया। पुलिस की यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई, जब CJP की ओर से संसद मार्ग थाने का घेराव किया गया था। घेराव के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया।
वायरल वीडियो के बाद बढ़ा था विवाद
दरअसल, हाल ही में स्वतंत्र भारद्वाज का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें उन्होंने छात्रा के पिता संजय कुमार पर हुए हमले का जिक्र करते हुए दावा किया था कि उन्होंने उन पर गंभीर हमला किया और उनका सिर फोड़ दिया था। स्वतंत्र ने यह भी दावा किया था कि राजनीतिक जान-पहचान की वजह से वह गिरफ्तारी से बच गए और खुलेआम घूम रहे थे। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद स्वतंत्र भारद्वाज ने अपने बचाव में दावा किया कि उन्होंने यह कदम आत्मरक्षा में उठाया था। उनका कहना था कि उस समय उन्हें खुद पर हमले का खतरा था और इसी वजह से उन्होंने बचाव में कार्रवाई की। वहीं, दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र के इन दावों को खारिज करते हुए उन्हें हवाबाजी बताया था। पुलिस के मुताबिक, घटना में संजय कुमार को लगी चोटें सामान्य प्रकृति की थीं। पुलिस ने कहा था कि उन्हें कड़े की वजह से चोट लगी थी और इलाज के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। वायरल वीडियो, स्वतंत्र के दावों और पुलिस के बयान के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
स्वतंत्र भारद्वाज का वीडियो वायरल होने के बाद CJP के एक प्रतिनिधिमंडल ने आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद के साथ शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग थाने का घेराव किया था। प्रतिनिधिमंडल ने स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ पॉक्सो और एससी/एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई करने के साथ ही उनकी गिरफ्तारी की मांग की थी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया था कि स्वतंत्र भारद्वाज को 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, पुलिस ने इस आश्वासन के कुछ ही घंटे बाद कार्रवाई करते हुए स्वतंत्र को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में ले लिया। इसके बाद शनिवार को दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
स्वतंत्र की गिरफ्तारी के बाद संसद मार्ग थाने पर सुरक्षा बढ़ाई गई
स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के बाद शनिवार को उनके समर्थकों ने संसद मार्ग थाने पर प्रदर्शन का आह्वान किया था। इसे देखते हुए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। थाने के आसपास बैरिकेडिंग की गई और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अर्धसैनिक बलों के जवानों को भी तैनात किया गया। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ दर्ज एफआईआर में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराएं जोड़ी थीं। इसके अलावा उनके खिलाफ पॉक्सो (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) कानून के तहत भी मामला दर्ज किया गया था। पुलिस की ओर से यह कार्रवाई स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ मामले में जांच आगे बढ़ने के बीच की गई। वहीं, उनकी गिरफ्तारी के विरोध में समर्थकों की ओर से प्रदर्शन का आह्वान किए जाने के बाद संसद मार्ग थाना क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



