दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के धरना प्रदर्शन के दौरान CJP समर्थक छात्रा निशू आजाद (Nishu Azad) के पिता संजय कुमार पर कथित हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। हमले के मुख्य आरोपी बताए जा रहे स्वतंत्र भारद्वाज (Swatantra Bhardwaj) के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर CJP ने शुक्रवार को संसद मार्ग थाने का घेराव किया था। इसके बाद पुलिस ने 72 घंटे के भीतर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया था। दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने कुछ ही घंटों में कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में ले लिया। इसके साथ ही मामले में POCSO एक्ट और SC-ST एक्ट की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि एक शिकायत के आधार पर आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ पॉक्सो (बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण अधिनियम) एक्ट के तहत नई FIR दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पीड़ित नाबालिग है। वहीं, पहले से दर्ज FIR में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (SC/ST) एक्ट की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्वतंत्र भारद्वाज को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

‘पहचान से बचने के लिए पहन रखा था हेलमेट’

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, स्वतंत्र भारद्वाज मोटरसाइकिल से नैथला गांव से निकला और खुर्जा की ओर गया था। बताया जा रहा है कि इलाके से निकलते समय उसने पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था। आरोपी की तलाश के लिए दिल्ली पुलिस ने सादे कपड़ों में कई टीमें तैनात की थीं। पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों और उसके आने-जाने वाले रास्तों पर निगरानी रखी। इसी दौरान पुलिस ने उसे बुलंदशहर से हिरासत में लिया।

सौरव दास बोले- आगे की जानकारी जल्द दी जाएगी

मामले में कार्रवाई को लेकर CJP नेता सौरव दास ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ नाबालिग पीड़िता की नई शिकायत के आधार पर POCSO एक्ट के तहत नई FIR दर्ज की गई है। दास के मुताबिक, शिकायत में ऑनलाइन धमकी और उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं। दास ने यह भी बताया कि मामले में आपराधिक डराने-धमकाने, महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने और पीछा करने तथा अश्लील सामग्री से संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की जानकारी जल्द साझा की जाएगी।

पॉडकास्ट के बयान के बाद शुरू हुआ विवाद

दिल्ली पुलिस की यह कार्रवाई एक पॉडकास्ट को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद सामने आई है। आरोप है कि पॉडकास्ट में स्वतंत्र भारद्वाज ने जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान निशू आजाद के पिता संजय कुमार पर हमला करने का दावा किया था। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला फिर सुर्खियों में आ गया। वीडियो सामने आने के बाद CJP ने स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। इसी मांग को लेकर शुक्रवार को CJP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संसद मार्ग थाने का घेराव किया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

पुलिस ने मांगे थे 72 घंटे, कार्रवाई का दिया था भरोसा

इस दौरान CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका और सौरव दास ने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की थी। बातचीत के दौरान पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ 72 घंटे के भीतर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ हत्या के प्रयास, आपराधिक धमकी, POCSO एक्ट और एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराएं जोड़ने की मांग की थी। इसके अलावा संजय कुमार की बेटी निशू आजाद को कथित तौर पर निशाना बनाकर दी गई दुष्कर्म की धमकियों, ऑनलाइन उत्पीड़न और आपत्तिजनक तस्वीरों से जुड़े आरोपों को लेकर अलग FIR दर्ज करने की मांग भी की गई थी।

इंटरव्यू में हमले को लेकर दावा कर रहा था स्वतंत्र

यह पूरा विवाद स्वतंत्र भारद्वाज के एक इंटरव्यू की क्लिप वायरल होने के बाद शुरू हुआ था। वीडियो में खुद को ‘कट्टर हिंदू’ बताने वाले भारद्वाज ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान निशू आजाद के पिता संजय कुमार पर हमला करने का दावा किया था। उसने यह भी कहा था कि मामले की गंभीरता के बावजूद उसे जेल नहीं भेजा गया। वीडियो वायरल होने के बाद CJP ने भारद्वाज की गिरफ्तारी और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज कर दी। इसी के बाद शुक्रवार को CJP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संसद मार्ग थाने पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।

नए वीडियो में भारद्वाज ने बताई अलग कहानी

वहीं, शुक्रवार को सामने आए एक अन्य वीडियो में स्वतंत्र भारद्वाज ने खुद पर लगे आरोपों से इनकार किया। उसने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने उसे घेर लिया था और उसे अपनी जान का खतरा महसूस हुआ। भारद्वाज के मुताबिक, इसी दौरान उसने आत्मरक्षा में संजय कुमार को धक्का या वार किया, जिससे उनके सिर पर चोट लगी। उसने संजय कुमार की चोटों को लेकर किए जा रहे गंभीर दावों पर भी सवाल उठाए और कहा कि वह पुलिस की जांच में सहयोग कर रहा है। इस तरह एक ओर पुराने वीडियो में भारद्वाज के कथित दावे सामने आए, जबकि बाद के वीडियो में उसने खुद को बचाव की स्थिति में बताते हुए आरोपों से इनकार किया है।

पॉडकास्ट क्लिप से छेड़छाड़ का आरोप

स्वतंत्र भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पॉडकास्ट क्लिप को लेकर भी सफाई दी। उसने आरोप लगाया कि वायरल क्लिप के साथ छेड़छाड़ की गई है और उसमें उसके बयानों को संदर्भ से अलग तरीके से पेश किया गया। राजनीतिक संपर्कों की वजह से कार्रवाई से बचने के कथित दावे पर भी भारद्वाज ने सफाई दी। पॉडकास्ट में उसने भाजपा नेता कपिल मिश्रा और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को बड़े भाइयों जैसा बताया था। हालांकि, शुक्रवार को सामने आए वीडियो में भारद्वाज ने कहा कि ये बातें उसने व्यंग्यात्मक अंदाज में कही थीं और उन्हें गलत तरीके से समझा गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m