आईबी अधिकारी अंकित शर्मा हत्या और उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगा मामले में पूर्व आम आदमी पार्टी (AAP) पार्षद ताहिर हुसैन को दोषी ठहराए जाने के बाद दिल्ली की राजनीति तेज हो गई है। अदालत के फैसले के करीब 20 घंटे बाद पूर्व मुख्यमंत्री और AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ताहिर हुसैन को पार्टी से काफी पहले निष्कासित किया जा चुका था। साथ ही उन्होंने बिना नाम लिए भाजपा और एआईएमआईएम पर भी निशाना साधा।
केजरीवाल बोले- ताहिर हुसैन का AAP से कोई संबंध नहीं
भाजपा नेता अमित मालवीय की टिप्पणी का जवाब देते हुए अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ताहिर हुसैन को बहुत पहले ही आम आदमी पार्टी से बाहर कर दिया गया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ताहिर बाद में भाजपा की “सहयोगी पार्टी” में शामिल हो गया। AAP नेताओं द्वारा अक्सर एआईएमआईएम को भाजपा का सहयोगी दल बताया जाता रहा है।
भाजपा ने केजरीवाल और सिसोदिया की चुप्पी पर उठाए सवाल
कोर्ट के फैसले के बाद भाजपा ने AAP नेतृत्व को घेरना शुरू कर दिया। दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने सवाल किया कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह ने फैसले के बाद तुरंत प्रतिक्रिया क्यों नहीं दी। उन्होंने कहा कि दोषसिद्धि के बाद पार्टी नेतृत्व की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।
AAP ने दोहराया- 2020 में ही कर दिया था निलंबित
आम आदमी पार्टी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि वर्ष 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगा मामले में ताहिर हुसैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद ही उनकी प्राथमिक सदस्यता निलंबित कर दी गई थी। पार्टी का कहना है कि तब से उनका AAP से कोई संबंध नहीं है। इस बीच AAP विधायक अमानतुल्लाह खान ने ताहिर हुसैन के मामले पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ऊपरी अदालत में न्याय मिलेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

