Odisha Desk, पूरी: ओडिशा के पूरी स्टेशन के पास एक बड़ा रेल हादसा होने से बाल-बाल बच गया। तालचेर से पूरी की ओर आ रही तालचेर-पूरी ट्रेन पूरी रेलवे स्टेशन से महज 500 मीटर की दूरी पर अचानक पटरी से उतर गई। ट्रेन के बेपटरी होते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई भी यात्री हताहत नहीं हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, तालचेर-पूरी ट्रेन अपनी सामान्य गति से पूरी स्टेशन की ओर बढ़ रही थी। स्टेशन पहुंचने से ठीक पहले, महज आधा किलोमीटर की दूरी पर ट्रेन अचानक झटके के साथ पटरी से नीचे उतर गई। हादसे के वक्त ट्रेन में काफी संख्या में यात्री सवार थे। अचानक हुए हादसे से यात्री डर गए और चिल्लाने लगे।
सौभाग्य से स्टेशन के पास होने के कारण ट्रेन की रफ्तार काफी कम थी। इसी वजह से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए।
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और सुरक्षा बल तुरंत मौके पर पहुंचे। रेलवे विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। डिरेल हुई ट्रेन को वापस पटरी पर लाने और इस रूट पर रेल परिचालन को सामान्य करने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है।
ट्रेन किस वजह से बेपटरी हुई, इसका सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही हादसे के कारणों का पता चल पाएगा।
पूरी रेलवे स्टेशन के इतने नजदीक यह घटना होने के कारण स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि एक बड़ा अंदेशा टल गया है। रेलवे विभाग जल्द से जल्द यातायात सुचारू करने में जुटा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


