प्रदीप मालवीय, उज्जैन। प्रसिद्ध बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री तमन्ना भाटिया शनिवार तड़के उज्जैन पहुंचीं। यहाँ उन्होंने विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर के गर्भ गृह के बाहर नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल की प्रसिद्ध भस्म आरती में हिस्सा लिया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

पारंपरिक वेशभूषा में नजर आईं तमन्ना

इस दौरान तमन्ना भाटिया पूरी तरह से पारंपरिक वेशभूषा यानी साड़ी में नजर आईं। उनके साथ उनकी मां भी मौजूद रही। एक्ट्रेस ने नंदी हॉल में बैठकर उन्होंने करीब दो घंटे तक भस्म आरती के दिव्य दर्शन किए। आरती के दौरान तमन्ना पूरी तरह से भगवान महाकाल की भक्ति में लीन और श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना करती हुई दिखाई दीं। भस्म आरती संपन्न होने के बाद उन्होंने नंदी जी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। दर्शन के पश्चात महाकाल मंदिर समिति की ओर से तमन्ना और उनके पूरे परिवार का पारंपरिक रूप से स्वागत एवं सम्मान किया गया।

मां को दर्शन कराने आई थीं उज्जैन

दर्शन के बाद मीडिया से अपने अनुभव साझा करते हुए अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने कहा कि सुबह होने वाली भस्म आरती में शामिल होने का अवसर मिलना उनके लिए बेहद आनंद और सौभाग्य का अनुभव है। उन्होंने बताया कि वे अपनी मां को विशेष तौर पर भगवान महाकाल के दर्शन कराने के लिए यहाँ लेकर आई थीं, और अपनी मां के साथ दर्शन करने के बाद उन्हें असीम शांति और खुशी मिली है।

तमन्ना का फिल्मी सफर

गौरतलब है कि तमन्ना भाटिया ने बेहद कम उम्र में ही अभिनय की दुनिया में कदम रख दिया था। उन्होंने मात्र 13 साल की उम्र में एक्टिंग सीखना शुरू कर दिया था और वे पृथ्वी थिएटर से भी जुड़ी रही हैं। उन्होंने अपने मुख्य अभिनय करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में हिंदी फिल्म ‘चाँद सा रोशन चेहरा’ से की थी, जिसके बाद उन्होंने साउथ और बॉलीवुड दोनों ही इंडस्ट्री में अपनी एक अलग और खास पहचान बनाई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m