भुवनेश्वर: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में एक सी-फूड (समुद्री खाद्य) प्रसंस्करण कारखाने में अमोनिया गैस रिसाव के कारण जान गंवाने वाले ओडिशा के श्रमिकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। यह दुखद घटना तिरुवल्लूर के पेरियापालयम के पास कन्निगैपैर गांव में स्थित एक निजी सी-फूड एक्सपोर्ट यूनिट में रविवार को हुई। मारे गए सभी पांचों श्रमिक ओडिशा के क्योंझर जिले के रहने वाले थे, जिनकी पहचान जिमानी जुआंग, गीता जुआंग, भूमिया जुआंग, शिवानी जुआंग और फुलमणी जुआंग के रूप में हुई है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस घटना पर दुख जताया है और आर्थिक मदद की घोषणा की है।
मिली जानकारी के अनुसार, कारखाने के रेफ्रिजरेशन सिस्टम से अचानक अमोनिया गैस का रिसाव होने लगा, जिससे वहां जहरीला धुआं फैल गया। घटना के समय कारखाने के परिसर में ओडिशा, असम और झारखंड के करीब 120 प्रवासी मजदूर मौजूद थे, जिनमें से कई महिलाएं थीं जो वहीं परिसर में बने हॉस्टल में रह रही थीं। इस जहरीली गैस की चपेट में आने से 60 महिलाओं समेत 64 श्रमिकों को सांस लेने में तकलीफ, चक्कर आना और आंखों में जलन की शिकायत होने लगी। कई कर्मचारी मौके पर ही बेहोश हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों और चेन्नई के सरकारी स्टेनली मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने जताया दुख, आर्थिक मदद की घोषणा
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और घायल श्रमिकों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री माझी ने मृतकों के परिजनों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष (CMRF) से ₹4-4 लाख की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
हादसे के बाद ओडिशा सरकार एक्शन मोड में है और तमिलनाडु सरकार के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है। ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने तमिलनाडु के अपने समकक्ष अधिकारी से बात कर घायल ओडिया श्रमिकों के उचित इलाज और सहायता सुनिश्चित करने को कहा है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर ओडिशा सरकार के तीन वरिष्ठ अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय टीम तिरुवल्लूर पहुंच चुकी है। इस टीम में श्रम एवं ईएसआई विभाग के विशेष सचिव राजेश कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त श्रम आयुक्त मदन मोहन पाइक और श्रम निदेशालय के तकनीकी सलाहकार भक्त बंधु आचार्य शामिल हैं। यह टीम स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावित ओडिया श्रमिकों के इलाज, राहत और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

