Udhayanidhi Stalin Controversial Statement On Sanatan Dharma: हिंदी में एक कहावत है- रस्सी जल गई पर बल नहीं गया। ये कहावत तमिलनाडु की पार्टी डीएमके और उसके नेताओं पर बखूबी बैठती है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त मिलने के बाद भी DMK नेता उदयनिधि स्टालिन की अकड़ ढीली नहीं हुई है। डीएमके नेता उदयनिधि ने एक बार फिर सनातन धर्म के खिलाफ बगावती तेवर अपनाते हुए विवादित बयान दिया है। तमिलनाडु विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाए गए उदयनिधि स्टालिन ने सीएम विजय के सामने सनातन धर्म पर विवादित बयान दिया। उदयनिधि ने कहा कि लोगों को बांटने वाले सनातन धर्म को खत्म कर देना चाहिए। सनातन धर्म को जड़ से मिटा देना चाहिए।

इससे पहले पिछली सरकार में डिप्टी सीएम रहे उदयनिधि ने सनातन धर्म की तुलना डेंगू-मलेरिया से की थी और कहा था कि जिस तरह इन बीमारियों को मिटाना चाहिए उसी तरह सनातन धर्म को भी खत्म किया जाना चाहिए। उदयनिधि के इस बयान पर तब खूब हंगामा हुआ था। इस मामले में उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया था। अब उन्होंने एक बार फिर से ये बयान दिया है।

तमिलनाडु विधानसभा में बतौर नेता प्रतिपक्ष बोलते हुए उदयनिधि ने मंगलवार को विधानसभा की कार्यवाही के दौरान नये नवेले मुख्यमंत्री बने विजय के सामने ही कहा कि यह मेरा LoP के तौर पर पहला मौका है। मैं अन्नादुरई, कलैगनार, DMK पार्टी चीफ और पूर्व CM स्टालिन को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने भारत के लिए एक मिसाल कायम की। DMK सिर्फ एक विपक्षी पार्टी ही नहीं बल्कि एक ताकतवर पार्टी भी बनेगी। चाहे हम रूलिंग पार्टी में हों या विपक्षी पार्टी में बैठे हों, मैं चाहता हूं कि हम TN की भलाई के लिए मिलकर काम करें। उदयनिधि ने आगे कहा कि वे और CM विजय एक ही कॉलेज में पढ़े हैं। लेकिन हम पॉलिटिक्स में सीनियर हैं। मैं आपसे रिक्वेस्ट करता हूं कि गवर्नेंस में हमारी सलाह लें। मैं चाहता हूं कि सनातन जो लोगों को बांटता है उसे मिटा दिया जाना चाहिए।

विधानसभा में वंदे मातरम का भी मुद्दा उठाया

उदयनिधि ने तमिलनाडु विधानसभा में वंदे मातरम का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, “BJP शासित राज्यों में शपथ ग्रहण समारोह में वंदे मातरम नहीं गाया गया। जबकि तमिलनाडु में शपथ ग्रहण समारोह में वंदे मातरम गाया गया 2023 से गवर्नर आरएन रवि ने वॉकआउट किया क्योंकि वंदे मातरम आखिर में गाया गया और तमिलनाडु राज्य का राज्य गान पहले गाया गया था।

बीजेपी का करारा पलटवार

सनातम धर्म पर उदयनिधि के विवादित बोल पर बीजेपी ने पलटवार किया है। BJP के प्रवक्ता सीआर केसवन ने इसे जहरीला बकवास बताया। उन्होंने कहा कि बार-बार गलती करने वालों को यह ध्यान रखना होगा कि तमिलनाडु के स्टेट सिंबल में एक मंदिर का गोपुरम है और तमिलनाडु के लोग अपनी आस्था और भावनाओं के इस तरह के खुलेआम गलत इस्तेमाल और अपमान को न तो भूलेंगे और न ही माफ करेंगे।

वहीं बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि  पिछली बार जब उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म को “मिटाने” की बात कही थी, तो अदालतों ने इसे ‘हेट स्पीच’ करार दिया था और तमिलनाडु की जनता ने उनकी पार्टी को विपक्ष में धकेल दिया था।  इस बार, हो सकता है कि वह उस कानूनी सुरक्षा की आड़ ले रहे हों जो उन्हें विधायिका से मिली हुई है, लेकिन कुछ सीमाएं ऐसी होती हैं जिन्हें पार करने पर उसके गंभीर परिणाम भुगतने ही पड़ते हैं। लाखों लोगों की आस्था का मजाक उड़ाना और उसे निशाना बनाना राजनीतिक साहस नहीं, बल्कि कोरा अहंकार है। और इस बार, ईश्वरीय दंड अत्यंत भीषण होगा।

वहीं शिवसेना UBT नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि सनातन धर्म वह है जो न कभी पैदा हुआ और न कभी नष्ट होगा। यह अनादि है, अनंत है और शाश्वत है।

पहले भी दे चुके है सनातन को मिटाने का बयान

यह पहली दफा नहीं है जब उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म पर इस तरह का घटिया बयान दिया है। इससे पहले उन्होंने 2023 में भी ऐसा ही बयान दिया था। उस समय डिप्टी सीएम रहते हुए उदयनिधि ने सनातन की तुलना डेंगू-मलेरिया से की थी और कहा था कि जिस तरह इन बीमारियों को मिटाना चाहिए उसी तरह सनातन धर्म को भी खत्म किया जाना चाहिए।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m