रायपुर। छत्तीसगढ़ की दो नवगठित नगर पंचायतों तमनार और बड़ी करेली के अध्यक्ष पदों की तस्वीर साफ हो गई है। लॉटरी के जरिए हुए आरक्षण में रायगढ़ जिले की तमनार नगर पंचायत का अध्यक्ष पद अनारक्षित महिला वर्ग के लिए तय हुआ है। वहीं धमतरी जिले की बड़ी करेली नगर पंचायत का अध्यक्ष पद अनारक्षित (मुक्त) रखा गया है।

दोनों नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदों के आरक्षण की प्रक्रिया बुधवार को नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय में हुई। इस दौरान संबंधित निकायों के नागरिकों और विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में निर्धारित नियमों के तहत लॉटरी निकाली गई।

नियमों की जानकारी देने के बाद निकाली गई लॉटरी

आरक्षण प्रक्रिया शुरू होने से पहले मौजूद नागरिकों को अध्यक्ष पदों के आरक्षण से जुड़े नियमों और 1999 के आरक्षण नियमों में दिए गए प्रावधानों की जानकारी दी गई। इसके बाद तय प्रक्रिया के मुताबिक दोनों नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के लिए लॉटरी निकाली गई।

लॉटरी में तमनार का अध्यक्ष पद अनारक्षित महिला वर्ग के लिए आया, जबकि बड़ी करेली के लिए अनारक्षित यानी मुक्त वर्ग तय हुआ। इसका मतलब है कि बड़ी करेली में अध्यक्ष पद किसी विशेष आरक्षित वर्ग तक सीमित नहीं रहेगा।

नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारी रहे मौजूद

आरक्षण की प्रक्रिया शासन की ओर से नियुक्त विहित प्राधिकारी एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक नीलेश महादेव क्षीरसागर की मौजूदगी में पूरी हुई। विभाग के अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे।

प्रक्रिया में तमनार और बड़ी करेली के नागरिक भी शामिल हुए। विभाग के मुताबिक अध्यक्ष पदों का आरक्षण निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के तहत लॉटरी से किया गया।

अब अध्यक्ष पद के दावेदारों की तस्वीर बदलेगी

अध्यक्ष पद का आरक्षण तय होने के बाद दोनों नवगठित नगर पंचायतों में राजनीतिक समीकरण भी इसी आधार पर बनेंगे। तमनार में अध्यक्ष पद अनारक्षित महिला वर्ग के लिए होने के कारण अब महिला दावेदारों पर राजनीतिक दलों और स्थानीय स्तर पर ज्यादा फोकस रहेगा। वहीं बड़ी करेली में अध्यक्ष पद मुक्त होने से यहां किसी भी वर्ग का पात्र उम्मीदवार अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हो सकता है।

इस आरक्षण के साथ दोनों नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद को लेकर चल रही अटकलों पर भी विराम लग गया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H