पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी के नाम पर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रामक और गलत खबरें प्रसारित करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में उनके समर्थकों ने पंचकूला के सेक्टर-5 पुलिस स्टेशन और साइबर क्राइम थाने में लिखित शिकायत दी है। शिकायत में मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता कपिल भट्ट ने कहा कि सोशल मीडिया पर बिना तथ्यों की पुष्टि किए किसी जिम्मेदार व्यक्ति के नाम से गलत जानकारी प्रसारित करना गंभीर मामला है। इससे संबंधित व्यक्ति की सामाजिक छवि प्रभावित हो सकती है और लोगों के बीच भ्रम फैल सकता है।

सोशल मीडिया पेजों और अकाउंट्स की जांच की मांग

कपिल भट्ट ने कथित तौर पर भ्रामक खबरें प्रसारित करने वाले सोशल मीडिया पेजों, अकाउंट्स और उनसे जुड़े लोगों की जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जानबूझकर गलत जानकारी फैलाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने खबरों की विश्वसनीयता और तथ्यों की पुष्टि को जरूरी बताते हुए सोशल मीडिया का इस्तेमाल जिम्मेदारी से करने और अपुष्ट जानकारी साझा करने से बचने की अपील की। फिलहाल, पंचकूला पुलिस को शिकायत सौंप दी गई है। मामले में पुलिस की आगामी कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध नहीं है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m