महाराष्ट्र के नासिक में टीसीएस कंपनी से जुड़े यौन उत्पीड़न और जबरन धर्मांतरण मामले में एक नया खुलासा हुआ है. मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपियों में से एक निदा खान ने पूछताछ के दौरान जांच एजेंसियों को बताया है कि वह पीड़िता को अपने घर लेकर गई थी. बता दें इस मामले में अब तक कुल 9 एफआईआर दर्ज की जा चुकी है. जबकि 8 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं.
निदा ने क्या बताया ?
पूछताछ के दौरान निदा खान ने स्वीकार किया है कि वह पीड़िता को अपने घर लेकर गई थी. जांच में यह भी सामने आया है कि वहां पीड़िता को नमाज पढ़ने की प्रक्रिया और उससे जुड़ी धार्मिक गतिविधियों की जानकारी दी गई थी. इस बयान के बाद जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या यह केवल धार्मिक जानकारी तक सीमित था या इसके पीछे किसी प्रकार का दबाव या धर्मांतरण का प्रयास भी शामिल था.
‘पीड़िता को दिया मुस्लिम नाम’
पुलिस जांच में यह भी दावा किया गया है कि पीड़िता का नाम बदलकर उसे एक मुस्लिम नाम दिया गया था. जांच के दौरान जब पीड़िता के मोबाइल फोन की जांच की गई तो उसमें इस्लाम धर्म से संबंधित 37 ऑडियो क्लिप और चार मोबाइल एप्लीकेशन मिलने की बात कही गई है. जांच एजेंसियां इन डिजिटल सबूतों का विश्लेषण कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका उपयोग किस उद्देश्य से किया गया था.
पुलिस चार्जशीट में यह भी जिक्र किया गया है कि पीड़िता को कथित तौर पर धार्मिक सामग्री देखने और सुनने के लिए प्रेरित या दबाव डाला जाता था. जांच के दौरान सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कुछ धार्मिक वीडियो और सामग्री के जरिए उसका दृष्टिकोण बदलने की कोशिश किए जाने का आरोप भी सामने आया है. पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि पीड़िता को लगातार धार्मिक वीडियो, रील्स और अन्य सामग्री दिखाई जाती थी.
नौकरी दिलाने के नाम पर बढ़ाई नजदीकी
जांच के मुताबिक, आरोपी दानिश शेख, तौफिक अत्तार और निदा खान पर पीड़िता की परिस्थितियों का लाभ उठाने का आरोप है. पुलिस का कहना है कि पीड़िता को वर्ष 2022 में नौकरी दिलाने के बाद उसके साथ नजदीकी बढ़ाई गई और बाद में उस पर विभिन्न प्रकार के दबाव बनाए गए. चार्जशीट में आरोप लगाया गया कि पीड़िता की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली बातें कही गईं और उसे मानसिक रूप से प्रभावित करने की कोशिश की गई.
मुख्य आरोपी दानिश शेख पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. जांच दस्तावेजों के अनुसार, उस पर शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाने, मानसिक उत्पीड़न करने और आर्थिक शोषण करने के आरोप हैं. पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पीड़िता से नकदी और अन्य कीमती सामान भी हासिल किए. हालांकि इन आरोपों की अंतिम पुष्टि अदालत में सुनवाई और साक्ष्यों की जांच के बाद ही हो सकेगी.
चार्जशीट में एक अन्य आरोपी तौफिक अत्तार के खिलाफ भी गंभीर आरोप दर्ज किए गए हैं. पुलिस का कहना है कि उस पर कार्यस्थल पर पीड़िता के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ करने का आरोप है. जांच एजेंसियां इस संबंध में उपलब्ध गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों का भी परीक्षण कर रही हैं.
अब तक दर्ज की गई है 9 FIR
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अब तक कुल नौ प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं. सभी मामलों की जांच पूरी कर नासिक पुलिस संबंधित कोर्ट में आरोपपत्र भी दाखिल कर चुकी है. अब नए तथ्यों और बयानों के सामने आने के बाद जांच एजेंसियां मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही हैं.
अधिकारियों के अनुसार, जांच निष्पक्ष और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाई जा रही है. मामले से जुड़े सभी व्यक्तियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि यदि जांच के दौरान कोई नया तथ्य सामने आता है तो उसके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यह मामला राज्य भर में चर्चा का विषय बना हुआ है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

