लखनऊ के लामार्ट्स बॉयज स्कूल के शिक्षक पर छात्र से मोबाइल पर अश्लील चैट करने का आरोप लगा है. स्कूल प्रबंधन की शिकायत पर गौतमपल्ली थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
सतीश सिंह, लखनऊ. हाई प्रोफाइल निजी स्कूलों में शामिल लामार्ट्स बॉयज स्कूल के एक शिक्षक पर अपने छात्र से मोबाइल पर अश्लील चैट किए जाने का आरोप लगा है. स्कूल प्रबंधन की शिकायत पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ गौतमपल्ली थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
गौतमपल्ली थाने के मुताबिक, स्कूल प्रबंधन की तरफ से स्कूल के एक शिक्षक के खिलाफ तहरीर दी गई थी. तहरीर में शिक्षक पर अपने छात्र से मोबाइल पर अश्लील चैट किए जाने का आरोप लगाया गया है.
वहीं, जानकारी के मुताबिक छात्र के परिजनों की तरफ से इस बाबत अश्लील चैट का रिकॉर्ड उपलब्ध कराते हुए स्कूल प्रबंधन के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई थी. इसके बाद प्रबंधन की तरफ से तहरीर दी गई है.
शिकायत की जांच शुरू
प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने डिजिटल साक्ष्य एकत्र करने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है. इसमें चैट से संबंधित अंश, रील्स व वीडियो सहित घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्य शामिल हैं.



