अनूप दुबे, कटनी। फॉरेस्टर ग्राउंड में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में शामिल होकर शिक्षा विभाग की कमियों को उजागर करने वाले प्राथमिक शिक्षक वरुण नायक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शिक्षक का आरोप है कि शिक्षा नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने और नकल व्यवस्था की पोल खोलने की वजह से उन पर द्वेषपूर्ण कार्रवाई की गई है, जबकि पुलिस और स्कूल प्रशासन का दावा है कि शिक्षक ने स्कूल में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की।

नकल का खेल और भ्रष्टाचार फिक्स है

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बिलहरी में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक (विज्ञान) वरुण नायक ने 25 जुलाई के प्रदर्शन के बाद एक वीडियो बयान जारी किया था। वीडियो में उन्होंने कहा था- “सरकार को जो करना हो करे, भले सस्पेंड कर दे। मेरे स्कूल से लेकर हर तहसील और जिले में BEO व DEO स्तर पर भ्रष्टाचार और नकल फिक्स है। 11वीं-12वीं के छात्र पास तो हो जाते हैं, लेकिन कई बच्चे ‘Result’ और ‘Pass’ तक की स्पेलिंग नहीं लिख पाते। यही चिंगारियां मिलकर आग बन रही हैं।”

निलंबन आदेश दिए जाने पर फाड़ दिया

इस बयान के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) द्वारा 28 जुलाई 2026 को शिक्षक वरुण नायक के निलंबन का आदेश जारी कर दिया गया। 30 जुलाई को बिलहरी स्कूल में घटनाक्रम ने हिंसक रूप ले लिया। प्रभारी प्राचार्य देवेंद्र कुमार तिवारी द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार- निलंबन आदेश दिए जाने पर शिक्षक ने उसे फाड़ दिया और शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। मना करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।

आरोपी शिक्षक पुलिस बल से भी भिड़ गया और हाथापाई की

शिक्षक ने पूर्व प्राचार्य रेखा तिवारी पर निलंबन कराने का आरोप लगाते हुए उनके बाल पकड़कर घसीटा और थप्पड़ मारकर जमीन पर गिरा दिया, जिसके बाद स्टाफ सदस्यों ने बीच-बचाव किया। सूचना मिलने पर जब बिलहरी चौकी (थाना कुठला) से पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो आरोपी शिक्षक पुलिस बल से भी भिड़ गया और हाथापाई की, जिससे एक पुलिसकर्मी चोटिल हो गया।

BNS की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज, भेजे गए जेल

प्राचार्य की लिखित शिकायत पर कुठला थाना/बिलहरी चौकी पुलिस ने शिक्षक वरुण नायक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 119, 296, 115(2) और 351(3) के तहत शासकीय दस्तावेज फाड़ने, मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा डालने व धमकी देने का मामला दर्ज किया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m