अनूप दुबे, कटनी (ढीमरखेड़ा)। कटनी जिले के ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को बढ़ाने के लिए सरकार कई तरह की कोशिश कर रही है। जिसका लाभ ग्रामीण अंचलों में मिल भी रहा है। लेकिन कुछ जगहों पर शिक्षा व्यवस्था में अव्यवस्थाएं नजर आ रही हैं। माता-पिता अपने जिन बच्चों को स्कूल में पढ़ने के लिए भेजते हैं वहीं पर शिक्षक उनसे सिर पर बेंच रखकर ढोने को मजबूर कर रहे हैं। 

 जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत गूड़ा में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। यहां एक स्कूल में बच्चों के सिर पर बेंच रखवाकर ढोने को मजबूर किया जा रहा है। इससे जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ग्राम पंचायत सरपंच संकेत लोनी ने बताया कि 4 माह से ग्राम पंचायत में सचिव  ना होने के कारण शासकीय कार्य प्रभावित चल रहे हैं। आंगनवाड़ी भवन जर्जर है और नए भवन स्वीकृत होने के बाद सचिव के न होने के कारण निर्माण का काम शुरू नहीं हो पाया है। इसका खामियाजा कार्यकर्ता, सहायिका और छोटे बच्चों को उठाना पड़ रहा है। 

जर्जर भवन में केंद्र का संचालन किया जा रहा है बाउंड्री ना होने के कारण जहां जानवर गंदगी भी फैलाते हैं। इसी प्रकार शासन की योजनाएं भी क्रियान्वित नहीं हो पा रही हैं। माध्यमिक शाला का भवन जर्जर होने के कारण पुरानी ग्राम पंचायत भवन में माध्यमिक शाला का संचालन करवाया जा रहा है लेकिन वह भवन भी जर्जर हालत में है। 

ग्राम पंचायत सरपंच ने बताया कि सचिव की व्यवस्था को लेकर जनपद से लेकर जिले तक के अधिकारियों को पत्र व्यवहार किए गए हैं लेकिन अभी तक व्यवस्था नहीं बनी। ग्राम पंचायत सरपंच ने कलेक्टर आशीष तिवारी और जिला पंचायत सीईओ हरि सिमरनप्रीत कौर से जल्द से जल्द ग्राम पंचायत में सचिव की व्यवस्था बनाने की मांग की हैं। 

इस संबंध में ढीमरखेड़ा एसडीएम निधि गोहल से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि ग्राम गूडा के संबंध में जनपद सीईओ परियोजना अधिकारी और जनपद शिक्षा केंद्र अधिकारी से मामले की जानकारी लेकर ग्राम की समस्याओं का निराकरण करवाया जाएगा। स्कूली बच्चों से स्कूली टाइम पर स्कूल के अंदर काम करवाना किसी भी तरीके से उचित नहीं है। अधिकारियों से मामले में जानकारी ली जाएगी जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m