शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में पड़ रही नौतपा की भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों को देखते हुए मोहन सरकार ने प्रदेश के शिक्षकों को बड़ी राहत दी है। स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के ग्रीष्मकालीन अवकाश (Summer Vacation) को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। अब शिक्षक 7 जून तक छुट्टियों पर रहेंगे। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने इसके निर्देश जारी कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें : 24.78 करोड़ रूपए फूंकने के बाद याद आई ‘सुरक्षा’! अफसरों की एक भूल ने उजाड़ दिया पन्ना का जंगल, जिम्मेदार कौन?
31 मई को खत्म हो रही थी छुट्टी
पहले तय शेड्यूल के मुताबिक शिक्षकों का ग्रीष्मकालीन अवकाश 31 मई को खत्म हो रहा था और उन्हें 1 जून से स्कूलों में उपस्थिति दर्ज करानी थी। लेकिन प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के करीब या उससे पार बना हुआ है। इस चिलचिलाती गर्मी को देखते हुए शिक्षक संगठनों द्वारा भी छुट्टियां बढ़ाने की मांग की जा रही थी, जिसे सरकार ने गंभीरता से लेते हुए राहत प्रदान की है।
छात्रों की छुट्टियों में कोई बदलाव नहीं
शिक्षा विभाग द्वारा साफ किया गया है कि यह बढ़ोतरी केवल शिक्षकों के अवकाश में की गई है। छात्रों के ग्रीष्मकालीन अवकाश में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। बच्चों की छुट्टियां पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार 15 जून को ही खत्म होंगी और स्कूल अपने नियत समय पर खुलेंगे।
ये भी पढ़ें : ‘जंगल बचाने’ उतरा वन अमला: बुरहानपुर में 55 हेक्टेयर भूमि कब्जामुक्त, 10 अवैध टप्पर किए जमींदोज
मंत्री उदय प्रताप सिंह ने जताई संवेदनशीलता
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान रिकॉर्ड स्तर पर है। ऐसे में शिक्षकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस आदेश के बाद अब शिक्षकों को भीषण गर्मी के बीच 7 दिन की अतिरिक्त राहत मिल गई है।

