रिजवान अंसारी, बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में वनभूमि को सुरक्षित करने और अतिक्रमणकारियों के हौसले पस्त करने के लिए वन विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। वनमंडल बुरहानपुर की बीट दक्षिण बलडी में गुरुवार को विभाग ने भारी बल के साथ दबिश देकर 55 हेक्टेयर जंगल की जमीन से अवैध अतिक्रमण हटा दिया।

ये भी पढ़ें : ‘रॉयल मिश्री’ और ‘सुंदरजा’ ने जमाई महफिल… सेठानी घाट पर सजी 40 से ज्यादा दुर्लभ प्रजातियां

JCB से खंतियों का करवाया निर्माण

वन विभाग की टीम जिले में समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाता रहता है। इसके बावजूद बाहरी अतिक्रमणकारी लगातार घुसपैठ की कोशिश करते हैं। इस बार विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए वनभूमि को मुक्त कराने के बाद जेसीबी की मदद से गहरी खंतियां खुदवाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि बाउंड्री पर खंतियां खुद जाने से भविष्य में दोबारा अतिक्रमण की आशंका बेहद कम हो जाएगी।

100 लोगों की टीम ने संभाला मोर्चा

इस पूरे अभियान को बिना किसी विवाद के शांतिपूर्ण ढंग से पूरा किया गया। इस कार्रवाई में 75 वन अधिकारी-कर्मचारी और 25 सुरक्षा श्रमिक सहित कुल 100 सदस्यीय अमला मैदान में उतरा था। यह कार्रवाई वनसंरक्षक बासु कन्नौजिया के निर्देशन, वनमंडलाधिकारी विद्या भूषण सिंह के मार्गदर्शन और उपवनमंडलाधिकारी अजय सागर के नेतृत्व में पूरी हुई।

टीम में ये अधिकारी रहे शामिल

फील्ड पर वनपरिक्षेत्र अधिकारी लक्सा सोलंकी के साथ खकनार के परिक्षेत्र अधिकारी रितेश उईके, शाहपुर की वनपरिक्षेत्र अधिकारी श्यामलता मेरावी और बोदरली के वनपरिक्षेत्र अधिकारी लखनलाल वास्कले ने अपनी टीमों के साथ मुस्तैदी से मोर्चा संभाला।

ये भी पढ़ें : MP में जलसंकट पर सियासत तेज: नेता प्रतिपक्ष का सरकार पर बड़ा हमला – ‘जनता को विज्ञापन नहीं, पानी चाहिए’

आगे भी जारी रहेगा अभियान: DFO

कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए डीएफओ (DFO) विद्याभूषण सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वनभूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण के विरुद्ध विभाग की यह कार्रवाई आगे भी लगातार और पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m