इदरीश मोहम्मद, पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां शिक्षा का मंदिर कहे जाने वाले स्कूल परिसर को आपसी कलह और मारपीट का अखाड़ा बना दिया गया है। जिले के शासकीय कन्या माध्यमिक शाला बृजपुर में पदस्थ शिक्षिकाओं के बीच आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। हद तो तब हो गई जब इस गंभीर मामले की जांच करने पहुंची शिक्षा विभाग की टीम के सामने ही स्कूल परिसर में हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला।

नोटिस देने की प्रक्रिया के दौरान बहस

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद बीते 1 अक्टूबर का है। स्कूल में नोटिस देने की प्रक्रिया के दौरान शिक्षिका रजनी सोनी, शिक्षक अशोक कुमार ओमरे और शिक्षिका दीपा चतुर्वेदी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान शिक्षिका रजनी सोनी ने अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ अभद्रता की और उनके साथ हाथापाई की। इस घटना के बाद से पीड़ित शिक्षक सहमे हुए हैं और खौफ के साए में नौकरी करने को मजबूर हैं।

जांच टीम के सामने हुआ ड्रामा, बुलानी पड़ी पुलिस

जब इस अनुशासनहीनता और मारपीट की शिकायत पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा गठित पाँच सदस्यीय जाँच समिति विद्यालय पहुँची, तो स्थिति और बिगड़ गई। जाँच अधिकारियों के सामने ही आरोपी शिक्षिका और अन्य पक्षों के बीच तीखी झड़प और हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया। हालात इतने बेकाबू हो गए कि जाँच अधिकारियों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए बृजपुर थाने से महिला पुलिस बल की मदद बुलानी पड़ी।

दोषी पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई

मामले को लेकर जांच समिति के सदस्य पुष्पराज सिंह ने बताया कि समिति द्वारा विद्यालय के सभी पक्षों, शिक्षकों और छात्राओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही उच्च अधिकारियों को जांच रिपोर्ट सौंपी जाएगी और दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सरकारी स्कूल परिसरों में शिक्षकों के इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना और हिंसक आचरण से शिक्षा विभाग की फजीहत हो रही है और अभिभावकों में भी भारी रोष है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m