कुंदन कुमार, पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में आज लोकभवन मार्च निकाला गया। मार्च में महागठबंधन दल के कई नेता और भारी संख्या में उनके कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और चुनाव आयोग व ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विधानसभा के सामने महागठबंधन के कार्यकताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे भी लगाए।
वहीं, हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें लोकभवन ले जाया गया, जहां महागठबंधन के नेताओं ने राज्यपाल से मुलाकात कर एसआईआर, ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, बैलेट पेपर से चुनाव की मांग सहित अपनी अन्य मागों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
परिवार में लोकतंत्र नहीं- अजय आलोक
महागठबंधन के लोकभवन मार्च पर बीजेपी नेताओं की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने वीडियो जारी करते हुए तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि, ये लोग सड़कों पर आकर नौटंकी कर रहे हैं। अपने परिवार में लोकतंत्र नहीं है और चले हैं, संविधान और लोकतंत्र पर प्रदर्शन करने।
‘सत्ता से बाहर हुए, तो सड़क पर कर रहे नौटंकी’
अजय आलोक ने कहा कि, गांधी परिवार, अखिलेश के परिवार या इनके (तेजस्वी) परिवार में कहीं कोई मेल दिखता नहीं है। ये बैरिकेडिंग कूद-कूद कर प्रदर्शन कर रहे हैं और कांग्रेस पार्टी गायब है। तेजस्वी जब बैरिकेडिंग कूद गए फिर उसके कुछ देर बाद कांग्रेस पार्टी के लोग झंडा लेकर आते हैं। यह किस तरह का राजनीति हो रही है। ये देश की जनता देख रही है। पहले भी इनको देश की जनता ने नोचकर फेंका है। अब भी वही हाल होगा। सत्ता से बाहर हो गए, तो सड़क पर नौटंकी कर रहे हैं। जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
‘कांग्रेस की गोद में बैठ गए राजद के लोग’
वहीं, बीजेपी नेता और कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राजद और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और कहा कि जेपी आंदोलन में शामिल रहे लालू यादव और राजद के लोग आज कांग्रेस की गोद में बैठ गए हैं। मीडिया से बातचीत में विजय सिन्हा ने कहा कि, राजद के लोग अब कांग्रेस के इशारों पर परिवारवाद, अधिनायकवाद और तानाशाही की राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस ने लोकतंत्र की हत्या की और संविधान को तार-तार किया, राजद उसी के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है।
‘JP के चरणों में आकर क्षमा मांगे राहुल’
उन्होंने राहुल गांधी पर भी हमला बोला और कहा कि अगर राहुल गांधी संविधान और लोकतंत्र की बात करते हैं, तो पहले लोकनायक जयप्रकाश नारायण के चरणों में आकर क्षमा मांगें। उनके परिवार ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र को कुचला था। राहुल गांधी नौटंकी बंद करें और जेपी के शिष्य बनकर लोकतंत्र की बात करें।
ये भी पढ़ें– लोकभवन मार्च: विधानसभा के सामने फूंका ज्ञानेश कुमार का पुतला, लगे ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे

