कुंदन कुमार, पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में आज लोकभवन मार्च निकाला गया। मार्च में महागठबंधन दल के कई नेता और भारी संख्या में उनके कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और चुनाव आयोग व ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विधानसभा के सामने महागठबंधन के कार्यकताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे भी लगाए।
वहीं, हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें लोकभवन ले जाया गया, जहां महागठबंधन के नेताओं ने राज्यपाल से मुलाकात कर एसआईआर, ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, बैलेट पेपर से चुनाव की मांग सहित अपनी अन्य मागों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञानेश कुमार को बताया लोकतंत्र का हत्यारा
राज्यपाल से मुलाकात और उन्हें ज्ञापन सौंपने के बाद तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लोकतंत्र का हत्यारा बताया। उन्होंने कहा कि, जिस तरह से षड्यंत्र रच के साजिश करके उन्होंने चुनाव जितवाया है। वह भाजपा के हाथों की कठपुतली हैं। इन्हें सजा जरुर मिलनी चाहिए।
तेजस्वी यादव ने साफ-साफ कहा कि, आज हम लोग शांतिपूर्वक मार्च कर रहे थे। लोक भवन मार्च था। गवर्नर साहब से हम लोगों ने समय भी ले लिया था। इसके बावजूद पटना पुलिस एके-47 लेकर हमें और हमारे कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि, जिस तरह का बर्ताव किया गया है। वह पूरी तरह से गलत है।
‘नेताओं पर एके-47 चलाने की थी तैयारी’
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, पहले सिवान में छात्र पर एके-47 बिहार पुलिस ने चलाने का काम किया है और आज नेताओं पर एके-47 चलाने की तैयारी कर रही थी। निश्चित तौर पर जो कुछ आज लोक भवन मार्च के दौरान हुआ है। वह पूरी तरह से गलत है। उन्होंने कहा कि. देश का संविधान खतरा में है और भाजपा के लोग बैठकर स्क्रिप्ट लिख रहे हैं। चुनाव आयोग कोई जवाब नहीं दे रहा है।
तेजस्वी ने कहा कि, चुनाव आयोग का जो प्रेस रिलीज है। वह भी भाजपा के ही लोग तैयार करते हैं। अमित शाह और मोदी ही तैयार करते हैं। निश्चित तौर पर वह (ज्ञानेश कुमार) मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं हैं। वह एक षड्यंत्रकारी आदमी है और उन्हें सजा मिलनी चाहिए। इसी मांग को लेकर हमने आज लोक भवन जाकर अपना ज्ञापन सौंपा है।
राजद कार्यकर्ताओं ने संजय सरावगी की गाड़ी को घेरा
बिहार बीजेपी के अध्यक्ष संजय सरावगी लोकभवन में राज्यपाल से मिलने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान लोकभवन में अंदर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। तेजस्वी यादव राज्यपाल को ज्ञापन सौंप रहे थे। वहीं, बाहर काफी संख्या में राजद के नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। इस बीच संजय सरावगी भी राज्यपाल से मिलने लोकभवन पहुंचे, जैसी ही उनकी गाड़ी पहुंची। वहां, पहले से मौजूद राजद के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संजय सरावगी की गाड़ी को घेर लिया और नारेबाजी करने लगे।
ये भी पढ़ें- EOU की बड़ी कार्रवाई: इंजीनियर के 5 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी, एक घर से 50 लाख कैश बरामद

