CM Samrat Choudhary: दिल्ली दौरे के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने बिहार में क्राइम को लेकर एक ऐसा बयान दे दिया है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि, हमारे यहां कोई अपराध नहीं है। अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है। क्राइम हो सकते हैं, लेकिन अपराध नहीं है, कोई अपराधी नहीं है। मुख्यमंत्री के इस बयान पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है।
सीएम सम्राट चौधरी को बताया नमूना
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर सीएम सम्राट चौधरी का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, बिहार में “𝐂𝐫𝐢𝐦𝐞” हो सकता है “अपराध” नहीं। मेरे प्यारे देशवासियों, ये बात 𝟕 हत्याओं का आरोपी नमूना मोदी द्वारा चयनित मुख्यमंत्री कह रहा है। तेजस्वी ने कहा कि, मंच पर बैठे 𝐈𝐀𝐒/𝐈𝐏𝐒 इनके साथ काम करने पर अपने आपको सम्मानित समझ रहे है या अपमानित? क्या नरेंद्र मोदी ने इस आदमी के हाथों बिहार को बर्बाद कराने की सुपारी ले रखी है?
मधुबनी गोलीकांड पर भी उठाया सवाल
मधुबनी में कथित तौर पर ASI द्वारा की गई फायरिंग में दो लोगों की हुई मौत की घटना पर भी नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है। तेजस्वी ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सम्राट सरकार पर जमकर निशाना साधा है। तेजस्वी ने दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए कहा कि, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और यह कोई पहली बार नहीं है जहां रक्षक ही भक्षक बने हुए हैं। ये जो घटना हुई है, ऐसी घटना तो पहले हुई ही नहीं थी जहां पुलिस अधिकारी ही दो-दो लड़कियों के साथ बलात्कार करने की कोशिश कर रहा है और जब घरवाले बचाने के लिए आते हैं, तो उनको गोली मार दिया जा रहा है।
तेजस्वी ने कहा कि, मधुबनी और दरभंगा में इतना अपराध बढ़ा हुआ है लेकिन किसी का मजाल नहीं कि वहां के SP का तबादला कोई करवा सके। पुलिस अधिकारी अभी तक फरार है। वो फरार है या फिर करवा दिया गया? क्या उसका एनकाउंटर होगा? मुख्यमंत्री तो कहते हैं कि अपराधियों का एनकाउंटर होना चाहिए लेकिन मुख्यमंत्री कहां हैं?
बिहार में नदियों की गाद से बनेंगी सड़कें
बता दें कि आज मंगलवार को नई दिल्ली में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में इस योजना को लेकर समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत बिहार की 27 सड़क परियोजनाओं में करीब 835 लाख घन मीटर गाद के इस्तेमाल का प्रस्ताव है। वहीं, फिलहाल निर्माणाधीन 16 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के लिए 243 लाख घन मीटर गाद मुफ्त में उपलब्ध कराई जाएगी। इस मौके पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट ने बिहार में क्राइम को लेकर यह बयान दिया।
ये भी पढ़ें- मधुबनी गोलीकांड के बाद बवाल, महिलाओं ने DM आनंद शर्मा का पकड़ा कॉलर, VIDEO वायरल

