Vaishali Bridge Collapse: वैशाली के लालगंज स्थित जलालपुर में भारत माला परियोजना के तहत बन रहे 6 लेन पुल का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। गंडक नदी के पास निर्माणाधीन पुल का पूरा स्ट्रक्चर गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन ढांचा गिरने के बाद कुछ लोग मलबे में दब गए। मिली जानकारी के मुताबिक दो लोगों के दबे होने की बात सामने आ रही है, जबकि कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है। वैशाली में पुल गिरने की खबर पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है।
भ्रष्टाचार का बोझ नहीं सह पाया पुल- तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, बिहार में फिर एक पुल गिरा….। उन्होंने कहा कि, वैशाली जिले में भ्रष्टाचार के बोझ से फिर एक ओर निर्माणाधीन पुल गिर जाने से करीब आधा दर्जन मजदूरों के दबने और घायल होने की खबर है। कई मजदूरों की हालत गंभीर है। तेजस्वी ने कहा कि, घटिया निर्माण सामग्री, खराब गुणवत्ता, मानकों की अनदेखी जांच में अनियमितता और एनडीए नेताओं का भ्रष्टाचारी किरदार ही निरंतर गिरते पुलों का मुख्य कारण है। उम्मीद के मुताबिक़ भ्रष्ट एनडीए सरकार फिर अपने भ्रष्टाचार की लीपापोती करेगी।
2 कर्मचारियों की हालत गंभीर
बता दें कि हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और कर्मचारियों ने तत्काल राहत और बचाव का काम शुरू किया। हादसे में घायल 6 कर्मचारियों को तुरंत लालगंज रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां 2 कर्मचारियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया है।
जांच पड़ताल में जुटे अधिकारी व प्रशासन
पुल गिरने की सूचना मिलते ही निर्माण स्थल पर अधिकारियों और पुलिस की टीम भी पुहंची। टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई। फिलहाल लांचर के गिरने की वजह का अभी तक साफ-साफ पता नहीं चल सका है। लांचर गिरने के पीछे तकनीकी खराबी थी या निर्माण कार्य के दौरान किसी स्तर पर चूक हुई, इसकी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- ‘तो फिर भारत का नाम नरेंद्र मोदी…’, बख्तियारपुर का नाम ‘नीतीशपुर’ करने की मांग पर भाई वीरेंद्र



