कुंदन कुमार, पटना। राजद आज अपना 30वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस मौके पर पटना स्थित पार्टी कार्यालय में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राजद के 29 साल के कार्यकाल का जिक्र करने के साथ ही भविष्य में पार्टी और मजबूत कैसे किया जाए। इस ऐतिहासिक मौके पर राजद सुप्रीमो लालू यादव, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एकजुट होकर काम करने की सलाह

राजद के 30वें स्थापना दिवस पर तेजस्वी यादव ने हुंकार भरते हुए अपने संबोधन में पार्टी नेताओं को एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने को कहा। इस दौरान उन्होंने सत्तापक्ष पर भी निशाना साधा और कहा कि, किस तरह से सत्ता में ये लोग आए हैं, यह बात सभी लोग जानते हैं। दो करोड़ जनता ने राष्ट्रीय जनता दल का साथ दिया है और उनके लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी।

सत्ता किसी की स्थायी नहीं होती- तेजस्वी

तेजस्वी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से साफ-साफ कहा कि यह मत समझिए कि कोई भी सत्ता स्थायी रूप से रहता है। बड़े-बड़े नेता हुए, बड़े-बड़े राजा हुए…सत्ता किसी का स्थायी नहीं होता है। इसलिए आप लोग मेहनत कीजिए। संगठन को मजबूत कीजिए और जो लालू जी का विचारधारा है, उसको और ज्यादा मजबूती मिले। इसको लेकर काम कीजिए।

BJP और RSS से जारी रहेगी लड़ाई

उन्होंने कहा कि, हम भी चाहते तो इस विचारधारा को छोड़कर दूसरे विचारधारा के साथ हो जाते, लेकिन हम लोगों ने ऐसा क्यों नहीं किया। आप समझ लीजिए कि जब तक तेजस्वी यादव जिंदा है, तब तक आरएसएस और भारतीय जनता पार्टी से हमारी लड़ाई जारी रहेगी। कहीं भी किसी भी हालत में कंप्रोमाइज नहीं करेंगे और पार्टी का जो एक-एक कार्यकर्ता है, हमारे नजर में सभी लोग हैं। किसी को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

कार्यकर्ताओं और नेताओं को दिया यह मंत्र

तेजस्वी यादव ने कहा कि, आज पार्टी का स्थापना दिवस है। सभी कार्यकर्ता और नेता यह संकल्प लेकर जाए की जहां, पर पार्टी हमारा कमजोर है। संगठन हमारा कमजोर है। वहां पर पार्टी और संगठन को मजबूत करने में लग जाइए। बिहार की जनता हमारे साथ है और जिस विश्वास के साथ उन्होंने हमें वोट किया है, उस विश्वास को हम किसी भी हालत में नहीं तोड़ना चाहते हैं।

ये भी पढ़ें- मंत्री दिलीप जायसवाल ने सहयोग कार्यक्रम में आए लोगों की सुनीं समस्याएं, RJD पर साधा निशाना