कुंदन कुमार, पटना। गृहमंत्री अमित शाह के बिहार दौरे पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है। विधानसभा के बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, अमित शाह पटना आए हैं और अब फिर से घुसपैठिए की बात की जा रही है। बिहार में 20 सालों से इन लोगों की सरकार है। केंद्र में उनकी सरकार है। फिर भी घुसपैठिए की बात कर रहे हैं, अगर बिहार में घुसपैट हो रहा है, तो इसका मतलब इनकी सरकार फेल है।

तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि, वैसे भी चुनाव आयोग ने जब बिहार में एसआईआर किया तो साफ कह दिया कि यहां (बिहार) पर कहीं भी घुसपैठिए नहीं है। फिर जब-जब चुनाव आता है, तो यह लोग खुद से कुछ से कुछ मुद्दा को उछलते रहते हैं। वहीं उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़े घोटाले की बात कही और कहा कि, क्या-क्या रिपोर्ट में जो कुछ आया है, उससे स्पष्ट है कि बहुत बड़ा घोटाला हुआ है। सदन में हमारे विधायकों ने भी चर्चा किया, लेकिन सरकार जवाब नहीं दे रही है। वही राज्यसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि, हमलोग चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे भी।

गौरतलब है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कल बुधवार की शाम तीन दिनों के बिहार दौरे पर पूर्णिया पहुंचे। वहीं, आज गुरुवार वह अररिया पहुंचे और सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए यह स्पष्ट किया कि सीमांचल क्षेत्र में घुसपैठ के कारण बदलती डेमोग्राफी (जनसांख्यिकी) एक गंभीर चिंता है। अमित शाह ने कहा कि, चुनाव के दौरान जनता से किया गया ‘घुसपैठियों को बाहर निकालने’ का वादा महज चुनावी नारा नहीं है, बल्कि सरकार जल्द ही एक-एक घुसपैठिये को चुनकर बाहर करने का अभियान शुरू करने वाली है।

ये भी पढ़ें- राज्यसभा जाएंगे पवन सिंह! बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात के बाद पावर स्टार का बड़ा बयान