Tejaswini Kumari Jodha Rajtilak: पाली जिले के ऐतिहासिक खेरवागढ़ में बुधवार को एक ऐसी रस्म निभाई गई, जिसने राजस्थानी विरासत और परंपराओं को फिर से चर्चा के केंद्र में ला दिया। मारवाड़ के प्रमुख ठिकानों में शामिल खेरवा के ठाकुर हरिश्चंद्र सिंह जोधा के निधन के बाद उनकी बारहवीं पर सदियों पुरानी राजपरंपरा का निर्वहन करते हुए उनकी पुत्री राज बाईसा तेजस्विनी कुमारी जोधा (तेजस्विनी कंवर) को खेरवागढ़ का उत्तराधिकारी घोषित किया गया।

करीब 65 साल बाद संपन्न हुई इस परंपरा को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, समाज के गणमान्य लोग और विभिन्न क्षेत्रों से आए अतिथि खेरवागढ़ पहुंचे। खास बात यह रही कि उत्तराधिकार की इस रस्म में परंपरागत रूप से पुत्र को मिलने वाली जिम्मेदारी इस बार पुत्री को सौंपी गई।
रक्त तिलक के साथ संपन्न हुई उत्तराधिकार की रस्म
राजतिलक समारोह की शुरुआत हरिद्वार से लाए गए गंगाजल से विशेष पूजन के साथ हुई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। जोधपुर के पूर्व राजपरिवार की ओर से तेजस्विनी कुमारी जोधा के सिर पर पाग (पगड़ी) बांधकर उन्हें उत्तराधिकार सौंपा गया।
समारोह का सबसे महत्वपूर्ण क्षण तब आया, जब राजघराने के राजपुरोहित शंकर सिंह ने परंपरा के अनुसार तलवार से अपने अंगूठे पर चीरा लगाकर रक्त तिलक किया और तेजस्विनी कुमारी जोधा को खेरवागढ़ का नया उत्तराधिकारी घोषित किया।
कई पूर्व ठिकानों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर भाद्राजून, नीम्बलाड़ा, जोजावर, धामली समेत मारवाड़ के कई पूर्व ठिकानों के प्रतिनिधियों ने भी उपस्थिति दर्ज कराई। पूरे समारोह में राजपूती परंपराओं और मारवाड़ की सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।
खेरवा, रामपुरा, बदरवास, चैनपुरा, हिंगोला और आसपास के गांवों से पहुंचे लोगों ने इस अवसर को क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ा ऐतिहासिक पल बताया। उत्तराधिकारी घोषित किए जाने के बाद ग्रामीणों और अतिथियों ने तेजस्विनी कुमारी जोधा को शुभकामनाएं दीं।
जनप्रतिनिधि के रूप में भी सक्रिय रहे हरिश्चंद्र सिंह जोधा
खेरवागढ़ के पूर्व ठिकानेदार ठाकुर हरिश्चंद्र सिंह जोधा का 12 जून को जयपुर में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। वे 71 वर्ष के थे। सार्वजनिक जीवन में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही। वे दो बार सरपंच और एक बार पंचायत समिति सदस्य के रूप में जनप्रतिनिधि रह चुके थे।
पढ़ें ये खबरें
- खबर का असर: निसदा की 7 खदानों पर बड़ी कार्रवाई, खनिज विभाग ने 30.30 करोड़ रुपये का लगाया जुर्माना, लाइसेंस रद्द कर खदान किया सील
- राहुल गांधी जी…इनकी कौन सुनेगा? बाढ़ पीड़ित अपनी समस्या बताने का करते रहे इंतजार, नहीं रुका नेता विपक्ष का काफिला
- रीवा मेडिकल कॉलेज मामला: विधायक अभय मिश्रा के आरोपों का उमंग सिंघार ने किया समर्थन, कहा– ‘सरकार तत्काल कराए जांच’
- महतारी वंदन योजना में बड़ी गड़बड़ी: 1726 अपात्र हितग्राहियों को 1.93 करोड़ का किया गया भुगतान, जानिए अब क्या है विभाग का प्लान…
- NIA ने लाल किला ब्लास्ट में किया बड़ा खुलासा, चार्जशीट में उमर उन नवी मास्टर माइंड, 13 के खिलाफ चार्जशीट


