पटना। ​राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और राजनेता तेजप्रताप यादव ने हाल ही में अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर खुलकर बात की है। एक शो के दौरान उन्होंने अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय से अलग होने और तलाक लेने के असली कारणों से पर्दा उठाया है। तेजप्रताप ने ऐश्वर्या पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी जीवनशैली और संस्कारों में जमीन-आसमान का फर्क था।

​मैं देसी आदमी हूं, वह बड़े कॉलेज की प्रोडक्ट थीं

​भोजपुर बवाल शो के एक प्रोमो के दौरान जब एंकर ने तेजप्रताप यादव से उनकी शादीशुदा जिंदगी को लेकर सवाल किया कि उन्हें ऐश्वर्या राय जैसी पत्नी मिली थी, तो सब कुछ कैसे बिगड़ गया? इस पर तेजप्रताप ने जवाब दिया कि वह खुद एक देसी आदमी हैं जबकि ऐश्वर्या एक बड़े कॉलेज की प्रोडक्ट थीं। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि ऐश्वर्या उन्हें पूजा-पाठ करने से भी रोकती थीं जिससे दोनों के बीच अक्सर वैचारिक मतभेद रहते थे।

​मां राबड़ी देवी पर उठाया था हाथ

ऐश्वर्या राय द्वारा पहले लगाए गए मारपीट के आरोपों पर पलटवार करते हुए तेजप्रताप यादव ने कहा कि आरोप कोई भी लगा सकता है, लेकिन उसका सबूत होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि ऐश्वर्या ने उनकी माताजी राबड़ी देवी के साथ मारपीट की थी। तेजप्रताप ने यह भी कहा कि इस घटना के दौरान वहां दो-तीन विधायक भी मौजूद थे और उनके पास इस बात के पुख्ता वीडियो सबूत और सीसीटीवी फुटेज भी रिकॉर्डेड हैं।

​साल 2018 में हुई थी हाई-प्रोफाइल शादी

​आपको बता दें कि तेजप्रताप यादव और ऐश्वर्या राय की शादी 12 मई 2018 को हुई थी। यह बिहार की दो बड़ी राजनीतिक परिवारों का मिलन था। तेजप्रताप पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के बेटे हैं, वहीं ऐश्वर्या पूर्व मंत्री चंद्रिका राय की बेटी और पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा राय की पोती हैं। हालांकि यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं टिक सका और शादी के कुछ ही महीनों बाद दोनों के बीच दूरियां आ गईं।

​ऐश्वर्या राय के सवाल और आरोप

​दूसरी ओर ऐश्वर्या राय ने भी इस हाई-प्रोफाइल विवाद पर खुलकर अपनी बात रखी थी। उन्होंने सवाल उठाया था कि जब परिवार वालों को तेजप्रताप के बारे में सब कुछ पहले से ही पता था तो उनकी जिंदगी क्यों बर्बाद की गई? ऐश्वर्या ने यह भी आरोप लगाया था कि राबड़ी आवास में उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया उनके बाल खींचे गए और उनका फोन तक छीन लिया गया था। बहरहाल यह मामला अब अदालत और सार्वजनिक मंचों पर दोनों पक्षों के तीखे बयानों के कारण लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।