भारत-नेपाल सीमा पर एक बार फिर तनाव बढ़ गया है. नेपाल ने आरोप लगाते हुए कहा है कि नवलपरासी वेस्ट में भारतीय जवानों ने उनके इलाके में घुसकर एक अस्थायी बांध को तोड़ दिया जिसे वे नारायणी नदी के पानी को बस्तियों में घुसने से रोकने के लिए बनाया था. नेपाली दूतावास ने रविवार को दिल्ली में इस मुद्दे को भारत के विदेश मंत्रालय के सामने उठाया है.
इस कारण भारत-नेपाल सीमा पर तनाव फिर बढ़ गया है. कहा जा रहा है कि घटना के वक्त स्थानीय नेपाली लोगों की भारतीय सुरक्षाबलों के साथ टकराव भी हुआ था.
नेपाली सीमा में नवलपरासी पश्चिम के सुस्ता इलाके में भारतीय सुरक्षाकर्मियों पर बांध तोड़ने का आरोप काठमांडू की ओर से लगाया गया है. भारतीय सशस्त्र सीमा बल पर नेपाली भूमि में प्रवेश कर निर्माणाधीन अस्थायी बांध को तोड़ने का आरोप लगने के बाद विवाद पैदा हो गया है.
काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट में एक वायरल वीडियो का हवाला दिया गया है, जिसमें नवलपरासी वेस्ट जिले के सुस्ता इलाके के निवासियों और भारतीय जवानो के बीच विवाद को दिखाया गया है. पोस्ट के मुताबिक, नेपाली विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि हमारे अधिकारियों ने भारतीय सुरक्षाकर्मियों ने अस्थायी बांध को तोड़ने का विरोध भी किया.
नेपाली मीडिया ने के अनुसार स्थानीय लोगों का कहना है कि रविवार को सादे कपड़ों में भारतीय सुरक्षाकर्मियों का एक समूह फावड़े लेकर नेपाली इलाके में घुस आया. नारायणी नदी के बाढ़ को रोकने के लिए बनाए गए मिट्टी के तटबंध को खोदने लगा.
नेपाली विदेश मंत्रालय के दो अधिकारियों ने दावा किया है कि भारतीय पक्ष का कहना था कि सुस्ता और वह जगह जहां नेपाली पक्ष मिट्टी का बांध बना रहा है. वह विवादित इलाके हैं और दोनों पक्ष यथास्थिति बनाए रखने पर सहमत हुए थे.
नवलपरासी के प्रमुख जिला अधिकारी दीपकराज नेपाल ने बारिश का बहाव रोकने के लिए रखी गई मिट्टी के अस्थायी बांध के विषय में विवाद होने की पुष्टि की. विवाद शांत करने के लिए सशस्त्र पुलिस बल को तैनात किया गया है और अभी स्थिति सामान्य है.
भारत और नेपाल के बीच सुस्ता और कालापानी सीमा से जुड़े दो बड़े विवाद रहे हैं. दोनों देश ने इन इलाकों पर अपने-अपने दावे किये हुए हैं. हालांकि पिछले 12 सालों में इस विवाद को सुलझाने के लिए विदेश सचिव स्तर पर कोई बैठक नहीं हुई है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


