नरेश शर्मा, रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में इन दिनों बंदरों और हाथियों का आतंक देखने को मिल रहा है। एक ओर जहां बंदरों ने एक दर्जन से ज्यादा लोगों को काटकर घायल कर दिया, तो वही दूसरी ओर हाथियों ने रायगढ़-सुंदरगढ़, तमनार सड़क को जाम कर दिया। इसको लेकर वन विभाग की टीम ने अलर्ट जारी कर दिया है।
बंदरों ने काटकर किया घायल
पहला मामला चिराईपानी गांव का है, जहां बंदर घरों में घुसकर उत्पात मचा रहे हैं। अब तक एक दर्जन से ज्यादा लोगों को काटकर घायल कर दिया है।

शुक्रवार की सुबह सुबह एक महिला सहित दो लोगों को काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि वन विभाग को शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। बंदरों के आतंक को लेकर लोगों में भारी भय का माहौल है।

दल से भटके हाथियों का आतंक
वहीं बंगुरसिया और आसपास का इलाका इन दिनों हाथियों के आतंक से थर्राया हुआ है। बताया जा रहा है कि दो दर्जन से भी ज्यादा हाथियों का झुंड कल शाम से एक्टिव है और इस दल से भटके दो हाथी लगातार उत्पात मचा रहे हैं।

देर रात तक हाथी रायगढ़-सुंदरगढ़, तमनार की सड़क पर आ गए, जिसके कारण सड़क पूरी तरह से जाम रही। वन विभाग अपील के जरिये रास्ता पार नहीं करने की सलाह दे रहा है। सड़क पर आज सुबह तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। हाथी के सड़क पर आने से इलाके में भय का माहौल है।

बताया जा रहा है कि हाथियों ने अब तक दो लोगों को घायल किया है। वन विभाग की टीम ने अलर्ट जारी किया है और आधा दर्जन से भी अधिक गांव में मुनादी जारी की गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


