Jaipur Crime News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के जयसिंहपुरा खोर इलाके से एक ऐसी खबर आई है जिसने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। लश्कर-ए-तैयबा का खतरनाक आतंकी उमर हाशिम उर्फ खरगोश, जो हाफिज सईद का बेहद करीबी बताया जा रहा है, न केवल जयपुर में एक साल तक अपनी पहचान छिपाकर रहा, बल्कि यहां का वोटर बनकर फर्जी पासपोर्ट पर विदेश भी भाग निकला। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों ने हाल ही में श्रीनगर में एक नेटवर्क तोड़ा, जिससे इस पूरे सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ।

हवामहल विधानसभा का बन गया मतदाता
जांच में जो बातें सामने आई हैं, वो किसी फिल्म की स्क्रिप्ट जैसी हैं। आतंकी उमर हाशिम ने जयपुर के राशिद विहार कॉलोनी (सड़वा मानपुर आमेर) का पता इस्तेमाल किया। उसने अपनी पहचान सज्जाद अहमद के नाम से बनाई और हवामहल विधानसभा क्षेत्र का बाकायदा वोटर आईडी कार्ड और आधार कार्ड भी बनवा लिया। इन फर्जी दस्तावेजों में उसने अपनी जन्मतिथि 1995 और पिता का नाम मोहम्मद अब्दुल्ला लिखवाया था। हैरानी की बात यह है कि एक पाकिस्तानी आतंकी राजधानी के नाक के नीचे सिस्टम में सेंध लगाकर पक्का जयपुरिया बन बैठा और स्थानीय खुफिया तंत्र को कानों-कान खबर तक नहीं हुई।
फर्जी निकाहनामा और पासपोर्ट का खेल
सूत्रों की मानें तो जयपुर में रहने के लिए उमर हाशिम ने फर्जी किरायानामा तैयार करवाया था। इतना ही नहीं, उसने श्रीनगर की एक युवती से निकाह किया और उसी शादी के दस्तावेजों का इस्तेमाल राजस्थान में अपना पासपोर्ट बनवाने के लिए किया। इसी पासपोर्ट की मदद से वह इंडोनेशिया के रास्ते किसी खाड़ी देश फरार होने में कामयाब रहा। लश्कर का यह खरगोश साल 2012 में घुसपैठ कर जम्मू-कश्मीर आया था और फिर नूंह (हरियाणा) होता हुआ जयपुर पहुंचा था।
मददगारों की तलाश जारी
इस खुलासे के बाद राजस्थान एटीएस (ATS) और पुलिस की टीमें पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। अब पुलिस उन लोगों की कुंडली खंगाल रही है जिन्होंने इस आतंकी को फर्जी आधार, वोटर आईडी और पासपोर्ट दिलाने में मदद की थी। जयसिंहपुरा खोर और आमेर के उन ठिकानों की रेकी की जा रही है जहां आतंकी साल 2023 से 2025 के बीच ठहरा था। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि आखिर वेरिफिकेशन के दौरान चूक कहां हुई और इस आतंकी नेटवर्क की जड़ें शहर में और कितनी गहरी हैं।
पढ़ें ये खबरें
- जिले में 30 मई तक होगा मकान सूचीबद्ध करने का कार्य, डीसी ने कहा -नागरिक जनगणना कार्य में सहयोग करें
- 12वीं के छात्र का मर्डर: बीच रोड में मारी गोली, इलाके में फैली सनसनी
- कांग्रेस का BJP पर बड़ा हमला, चिरंजीव राव ने किया आयुर्वैदिक कॉलेज और स्टेडियम को लेकर खुलासा
- ये मेरा दूल्हा नहीं है… जयमाला पर दुल्हन ने शादी से किया इनकार, बेरंग लौटी बारात
- बंगाल चुनाव परिणाम से पहले अखिलेश की कार्यकर्ताओं से अपील, बोले- जब तक हाथ में जीत का प्रमाण नहीं, रतब तक विश्राम नहीं
