Tesla Roadster Booking : Automobile desk : इलेक्ट्रिक वाहनों की दुनिया में अग्रणी रहने वाली ग्लोबल कंपनी टेस्ला ने भारतीय बाजार में अपनी बेहद चर्चित स्पोर्ट्स कार ‘रोडस्टर’ की एडवांस बुकिंग ओपन कर दी है. वाहन प्रेमियों के बीच इस कार का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था. कंपनी के रोडमैप के मुताबिक, इस हाई-परफॉर्मेंस इलेक्ट्रिक कार का कमर्शियल प्रोडक्शन साल 2028 में शुरू किया जाएगा. भारतीय ग्राहकों के लिए यह बुकिंग प्रक्रिया 17 अक्टूबर 2026 से लाइव कर दी गई है, जिसके तहत चुनिंदा बाजारों के साथ-साथ देश में भी इसके लिए शुरुआती स्लॉट बुक किए जा सकते हैं.
बात करें अगर रोडस्टर की बुकिंग प्रक्रिया और इसके खर्च की, तो कंपनी ने फिलहाल इस सुपरकार की फाइनल कीमत का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है. हालांकि, इसके परफॉर्मेंस वेरिएंट को रिजर्व करने के लिए आधिकारिक पोर्टल पर 5.01 लाख रुपये का टोकन अमाउंट जमा करना होता है. नियम के मुताबिक, बुकिंग दर्ज होने के अगले 10 दिनों के भीतर ग्राहक को 45,05,000 रुपये की अतिरिक्त राशि चुकानी होगी. इस प्रकार, इसके परफॉर्मेंस वेरिएंट का कुल रिजर्वेशन खर्च लगभग 50.06 लाख रुपये बैठता है. कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि शुरुआती चरण में यह मॉडल केवल लेफ्ट-हैंड-ड्राइव कॉन्फिगरेशन में ही उतारा जाएगा. भारत की सड़कों पर इसके विधिवत संचालन और बिक्री को लेकर अंतिम रूप यहां के स्थानीय मोटर वाहन नियमों और कानूनों के आधार पर तय होगा.

टेस्ला की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, रोडस्टर के आउटर लुक और एयरोडायनामिक्स को मशहूर एसआर-71 मिलिट्री एयरक्राफ्ट और एफ-35 फाइटर जेट के डिजाइन से प्रेरित होकर ढाला गया है. कंपनी का दावा है कि इसकी ड्राइविंग डायनामिक्स और स्पीड इसके पहले के सभी प्लेड मॉडल्स को पीछे छोड़ देगी. इसमें स्पेसएक्स से जुड़े खास कंपोनेंट्स का भी इस्तेमाल किया गया है, जो यूजर को एक बिल्कुल अलग और रोमांचक ड्राइविंग अनुभव प्रदान करेगा. हालांकि, इसकी फुल टेक्निकल शीट अभी सार्वजनिक नहीं की गई है.
रोडस्टर के अलावा, टेस्ला ने अपनी बड़ी छह सीटों वाली इलेक्ट्रिक एसयूवी ‘Model Y L’ को लेकर भी एक बड़ा सरप्राइज दिया है. कंपनी ने इस गाड़ी के साथ कॉम्प्लिमेंट्री ‘एक्सीलरेशन बूस्ट’ (Acceleration Boost) मुफ्त देने की घोषणा की है. इस सॉफ्टवेयर अपग्रेड के जुड़ने के बाद यह बड़ी एसयूवी महज 4.5 सेकंड में ही 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ने में सक्षम हो जाती है.
रेंज और बैटरी क्षमता के मोर्चे पर बात करें, तो WLTP टेस्टिंग स्टैंडर्ड्स के मुताबिक Model Y L सिंगल फुल चार्ज में 681 किलोमीटर तक की शानदार ड्राइविंग रेंज देने का दावा करती है. हालांकि, वास्तविक ड्राइविंग परिस्थितियों, मौसम और रास्तों के मिजाज के हिसाब से इसमें थोड़ा अंतर आ सकता है.
भारतीय बाजार में इनकी कीमतों और फाइनेंस विकल्पों पर नजर डालें, तो स्टैंडर्ड Model Y की शुरुआती कीमत 50.89 लाख रुपये तय की गई है, जबकि छह सीटों वाली बड़ी Model Y L की शुरुआती कीमत 61.99 लाख रुपये है. ग्राहकों की सुविधा के लिए कंपनी ने आसान लोन और ईएमआई विकल्प भी रखे हैं. Model Y को 6 लाख रुपये की डाउन पेमेंट और करीब 39,990 रुपये की शुरुआती मासिक किस्त पर घर लाया जा सकता है, जबकि Model Y L के लिए 6.5 लाख रुपये डाउन पेमेंट और लगभग 49,990 रुपये की शुरुआती ईएमआई का प्रावधान है. ये आंकड़े सात साल के टेन्योर और 8.5 प्रतिशत ब्याज दर वाले स्टेप-अप प्लान के अनुमान पर आधारित हैं.
इसके अलावा, देश भर में अपने चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए टेस्ला तेजी से काम कर रही है. वर्तमान में भारत के अलग-अलग हिस्सों में 20 सुपरचार्जर स्टॉल और 28 डेस्टिनेशन चार्जर सुचारू रूप से काम कर रहे हैं. कंपनी की योजना इस साल के अंत तक तीन और नए लोकेशंस पर चार्जिंग पॉइंट शुरू करने की है. साथ ही, 23 राज्यों में होम चार्जिंग की सुविधा भी मुमुहैया कराई जा रही है. जो ग्राहक इन गाड़ियों को खुद चलाकर अनुभव करना चाहते हैं, वे नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम, चेन्नई, पुणे, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु और मुंबई में बने टेस्ला एक्सपीरियंस सेंटर पर जाकर टेस्ट ड्राइव बुक कर सकते हैं.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

