महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 के कथित पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि NEET विवाद के बाद अब महाराष्ट्र TET पेपर लीक ने भी यह साबित कर दिया है कि सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है। दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की आवश्यकता बताई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गंभीर आरोप
नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपके ने कहा कि महाराष्ट्र में परीक्षा से एक दिन पहले TET रद्द करनी पड़ी, क्योंकि प्रश्नपत्र लीक होने की जानकारी सामने आई। इस मामले में पुलिस ने भिवंडी से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं।
2017 से उठ रहे हैं सवाल
दीपके ने दावा किया कि वर्ष 2017 से शिक्षक और अभ्यर्थी TET से जुड़े कथित घोटालों और अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, लेकिन सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने में विफल रही है। उनके अनुसार, चाहे राज्य स्तरीय परीक्षाएं हों या राष्ट्रीय स्तर की, युवाओं का भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है।
जंतर-मंतर पर आंदोलन होगा तेज
दीपके ने घोषणा की कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को अब और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिक्षा सुधार और पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करने वाले सोनम वांगचुक रविवार से नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेंगे। उन्होंने छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों से आंदोलन में शामिल होकर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को मजबूत करने की अपील की। इससे पहले दीपके ‘प्रधान गो बैक’ अभियान की भी शुरुआत कर चुके हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

