महाराष्ट्र में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है। 28 जून 2025 को आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को परीक्षा से ठीक एक दिन पहले स्थगित कर दिया गया। ठाणे जिले के भिवंडी में छापेमारी के दौरान संदिग्ध प्रश्नपत्र मिलने के बाद महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE), पुणे ने यह निर्णय लिया।

प्रारंभिक जांच में मिले अहम संकेत

परिषद के अनुसार, गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने 27 जून को कार्रवाई की। जांच में बरामद कुछ प्रश्न TET 2025 के प्रश्नपत्र से मेल खाते पाए गए। इसके बाद भिवंडी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। शिक्षा विभाग यह भी जांच रहा है कि बरामद दस्तावेज असली प्रश्नपत्र हैं या केवल मॉक टेस्ट की सामग्री।

4.28 लाख अभ्यर्थियों पर असर

इस परीक्षा में करीब 4.28 लाख उम्मीदवार शामिल होने वाले थे। परीक्षा स्थगित होने से सभी अभ्यर्थियों को नई तिथि का इंतजार करना होगा। परिषद ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के बाद ही नई तारीख घोषित की जाएगी।

दोबारा फीस या रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं

परीक्षा परिषद की उपायुक्त प्रिया शिंदे ने बताया कि अभ्यर्थियों को दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने या कोई अतिरिक्त शुल्क जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। पहले से किए गए आवेदन मान्य रहेंगे। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

तीन आरोपियों पर केस दर्ज

इस मामले में अब तक तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस और शिक्षा विभाग पूरे नेटवर्क की जांच में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा आयोजन की पूरी प्रक्रिया में करीब तीन सप्ताह का समय लगता है, इसलिए नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी। अभ्यर्थियों से केवल परिषद की आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m