थाईलैंड की एक महिला ने कानपुर निवासी युवक पर शादी के बाद करीब 60 लाख रुपये लेने और तलाक की जानकारी छिपाने का आरोप लगाया है. महिला का दावा है कि पैसे वापस मांगने पर उस पर धर्म परिवर्तन कर भारत में रहने का दबाव बनाया गया.

कानपुर. थाईलैंड की एक महिला ने अनवरगंज के लाटूश रोड निवासी युवक के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट में शिकायत दी है. महिला ने आरोप लगाया है कि युवक ने खुद को तलाकशुदा बताकर उससे थाईलैंड में शादी की और बाद में व्यापार व अन्य जरूरतों के नाम पर करीब 2 मिलियन थाई बात, भारतीय मुद्रा में लगभग 60 लाख रुपये, ले लिए.

महिला के मुताबिक, उसकी युवक से करीब चार साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत शुरू हुई थी. युवक ने उसे बताया था कि उसका अपनी पत्नी से तलाक हो चुका है, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक ने थाईलैंड जाकर उससे शादी कर ली.

लोकेशन से पहुंची कानपुर

पीड़िता ने बताया कि शादी के बाद करीब दो वर्षों में उसने युवक को अलग-अलग जरूरतों और कारोबार के लिए रकम दी. दोनों अक्सर एक-दूसरे के साथ लाइव लोकेशन साझा करते थे, जिससे महिला का उस पर भरोसा बना रहा.

बाद में युवक की नीयत पर संदेह होने पर महिला उसके द्वारा साझा की गई लोकेशन के आधार पर बिना बताए कानपुर पहुंच गई. वह युवक के घर और फैक्ट्री गई, जहां उसे पता चला कि युवक का तलाक नहीं हुआ है और वह पिछले 14 वर्षों से शादीशुदा है.

पैसे मांगने पर बदसलूकी का आरोप

महिला का आरोप है कि उसने अपने करीब 60 लाख रुपये वापस मांगे और खुद के साथ हुए कथित धोखे का विरोध किया, तो युवक और उसके परिवार के लोगों ने उसके साथ बदसलूकी की. पीड़िता के मुताबिक, उसे घर से धक्के देकर बाहर निकाल दिया गया.

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि युवक और उसका बिजनेस पार्टनर उस पर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बना रहे हैं. उसके अनुसार, उससे कहा गया कि यदि वह धर्म परिवर्तन कर भारत में उनके साथ रहने के लिए तैयार होगी, तभी उसके पैसे वापस किए जाएंगे और उसकी देखभाल की जाएगी.

पीड़िता ने कहा कि वह अपना धर्म बदलने के लिए तैयार नहीं है और उसे केवल अपनी मेहनत की कमाई वापस चाहिए.

पुलिस ने शुरू की जांच

एडीसीपी ईस्ट शिवा सिंह के मुताबिक, मंगलवार को थाईलैंड की नागरिक उनके कार्यालय पहुंची थीं. प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि अनवरगंज के लाटूश रोड निवासी युवक ने कथित तौर पर गलत तथ्य बताकर महिला से दोस्ती की, उससे शादी की और करीब 60 लाख रुपये ले लिए.

एडीसीपी के अनुसार, महिला पर भारत आकर रहने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाए जाने की बात भी सामने आई है. पुलिस पीड़िता की लिखित शिकायत ले रही है और उसने शादी से जुड़े कुछ फोटो सहित अन्य साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं.

पुलिस इन साक्ष्यों की जांच कर रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी.