प्रतीक शर्मा, मुंगेली। छत्तीसगढ़ की मुंगेली पुलिस को ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने और उसे भगा ले जाने वाले आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ सुनील को गिरफ्तार किया है। साथ ही उसके कब्जे से नाबालिग को भी बरामद कर लिया है। यह पूरा मामला चिल्फी थाना क्षेत्र के चौकी डिंडौरी का है।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, बीते 13 मई को पीड़िता के पिता ने चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। चूंकि मामला नाबालिग बच्ची से जुड़ा था, इसलिए मुंगेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस टीम लगातार तकनीकी सहायता और मुखबिरों के जरिए लड़की और अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी रही। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने ग्राम लीलापुर में दबिश दी। पुलिस ने वहां से आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ सुनील के कब्जे से नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
पूछताछ के दौरान पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया था और उसके साथ दुष्कर्म किया था। पीड़िता के बयान के बाद पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर 20 वर्षीय आरोपी दुर्गेश साहू को तत्काल हिरासत में लिया और कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

