डबवाली। पंजाब के मोगा में तैनात एक्साइज इंस्पेक्टर कर्मजीत सिंह चीमा (करीब 45 वर्ष) का शव हरियाणा के डबवाली क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में एक कार से बरामद हुआ है। शव मिलने के बाद मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात डबवाली-जोगेवाला के बीच भारतमाला रोड पर एक स्विफ्ट डिजायर कार लंबे समय से खड़ी थी। शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।


छाती पर लोडेड पिस्टल देख पुलिस रह गई हैरान
तलाशी के दौरान पुलिस को कार के अंदर चालक सीट पर कर्मजीत सिंह का शव मिला। हैरान करने वाली बात यह रही कि उनकी छाती पर एक लोडेड पिस्टल बंधी हुई थी, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
मृतक लुधियाना के गांव चीमा का रहने वाला था और मोगा में एक्साइज इंस्पेक्टर के पद पर तैनात था। मौके पर उनके परिजन भी पहुंच गए।

हार्ट अटैक का अंदेशा
पुलिस ने वीडियोग्राफी के साथ पूरे घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए डबवाली के उपमंडल नागरिक अस्पताल के शवगृह में भेज दिया।प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

सबसे बड़ा सवाल यह बना हुआ है कि मोगा में तैनात अधिकारी डबवाली कैसे और क्यों पहुंचे। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि जिस कार में शव मिला वह उनकी अपनी नहीं थी। पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।