हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में एमआर-11 और कंकर क्षेत्र में मकानों पर चलने वाली कार्रवाई को लेकर कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मंत्री सिलावट मंच से लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहते नजर आ रहे हैं।
READ MORE: इंदौर निगम IT विभाग की लापरवाही या मिलीभगत? बंद इंटरनेट कनेक्शन का 8 महीने तक भरा 7 लाख बिल, बचत के दावों की खुली पोल, महापौर से शिकायत
“वार्ड नंबर 35 और 36 में आपसे यह वादा करता हूं, एक भी कंकर का मकान नहीं टूटेगा। यह बेटा आपको आश्वासन देता है मंत्री के रूप में। कोई भी कंकर पर सुन लो, दोनों पार्षद सुरेश जी, राकेश जी, तुलसी सिलावट के रगों में खून है, वह आपके काम आएगा। पहले बुलडोजर इस बेटे पर चलेगा। कोई भी अधिकारी हो, सुन ले। देखना अभी मत, तुलसी सिलावट इस आंगन की तुलसी है। घर में तुलसी लगाने से आधी बीमारी दूर होती है, आप घर में तुलसी लगा दो, बाकी बीमारी मैं दूर कर दूंगा।”
मंत्री के इस बयान के वायरल होने के बाद अब एमआर-11 क्षेत्र के रहवासी सवाल खड़े कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि उन्होंने भी मंत्री का यही वादा सुना था कि किसी का मकान नहीं टूटेगा, लेकिन अब मकान तोड़ने के नोटिस थमाए जा रहे हैं। रहवासियों का आरोप है कि आईडीए ने नए मकान देने के नाम पर लोगों से 20-20 हजार रुपये भी जमा करवा लिए हैं और बाकी रकम किस्तों में लेने की बात कही गई है।
READ MORE: मरीजों की जान पर निर्माण! इंदौर के बड़े केयर सीएचएल अस्पताल पर प्रशासन का शिकंजा, लाइसेंस निरस्तीकरण का नोटिस जारी
लोगों का कहना है कि उन्होंने वर्षों पहले पैसे देकर मकान खरीदे थे। कई परिवारों के पास सरकारी पट्टे हैं तो कई के पास नोटरी और अन्य दस्तावेज मौजूद हैं। रहवासियों का दर्द है कि 20 से 25 साल से बसे परिवारों को बिना उचित मुआवजे के उजाड़ने की तैयारी की जा रही है। ऐसे में अब मंत्री के वायरल वादे और जमीनी हकीकत के बीच का फर्क लोगों के बीच बड़ा सवाल बन गया है।

