धनेश विद्यार्थी,रेवाड़ी | गांव टूमना स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर प्रांगण में आयोजित ‘योग भगाए रोग’ योग शिविर का प्रथम दिवस उत्साह, ऊर्जा और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। सुबह 5 बजे से शुरू हुए शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
शिविर में योगाचार्य योगेंद्र ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियां सिखाईं। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि यह एक संपूर्ण जीवन शैली है, जो मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है।
योगाचार्य ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से तनाव, उच्च रक्तचाप, मधुमेह सहित अनेक बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने सभी से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर श्री खाटू श्याम मंदिर कमेटी के प्रधान दिनेश यादव ने कहा कि गांव में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस योग शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर से जुड़कर योग को अपनाने की अपील की।
शिविर में प्रदीप भगत, नवीन मेहरा, वेदप्रकाश, मास्टर पवन यादव, कैप्टन महेंद्र सिंह, विजय, दीपक जेई, मंदिर पुजारी रामनरेश शर्मा, दीपक शर्मा सहित मंदिर कमेटी के सभी सदस्य और गांव के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
योग शिविर के पहले दिन मिले उत्साहजनक प्रतिसाद से आयोजकों में भी उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने इसे स्वास्थ्य और जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।

