रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा “आदिम जाति विकास विभाग” का नाम बदलकर “जनजातीय कार्य विभाग” किए जाने के निर्णय का छत्तीसगढ़ प्रदेश आदिवासी कांग्रेस ने विरोध जताया है। संगठन महासचिव कुलदीप कुमार ध्रुव ने रायपुर कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है, जिसमें विभाग का पुराना नाम पूर्ववत रखने की मांग की गई है।
कुलदीप ध्रुव ने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान, सम्मान और जनभावनाओं से जुड़े विषयों पर निर्णय लेते समय समाज के प्रतिनिधियों से व्यापक चर्चा होनी चाहिए। सरकार को नाम परिवर्तन के औचित्य को स्पष्ट करना चाहिए और इस निर्णय पर तत्काल पुनर्विचार करना चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग का पुराना नाम पूर्ववत नहीं किया गया, तो छत्तीसगढ़ प्रदेश आदिवासी कांग्रेस प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन कर व्यापक आंदोलन करेगी। आदिवासी समाज के अधिकारों, सम्मान और पहचान से जुड़े मुद्दों पर संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।
इस अवसर पर रायपुर आदिवासी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दीपेश कृपाल, सुरेंद्र मरकाम, भावेश नेताम, देवेंद्र ध्रुव, दुर्गेश्वर ओटी, धर्मेंद्र ठाकुर और भोज ठाकुर सहित अन्य साथी उपस्थित रहे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

