कृष्ण कुमार सैनी ,पलवल। शादी की खुशियां अभी घर से गई भी नहीं थीं। हाथों की मेहंदी का रंग फीका भी नहीं पड़ा था और परिवार नई जिंदगी की शुरुआत का जश्न मना रहा था। लेकिन किसी को क्या पता था कि शादी के अगले ही दिन ऐसा कुछ हो जाएगा, जिससे पूरे परिवार की दुनिया उजड़ जाएगी। पहले घर में शहनाइयां गूंजीं और फिर अचानक मातम पसर गया।
परिजनों का आरोप है कि सुहागरात के बाद ही सब कुछ बदल गया। दूल्हे के मोबाइल पर लगातार कुछ लोगों के फोन आने लगे, जिनमें उसे कथित तौर पर धमकाया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। परिवार का कहना है कि युवक इन कॉल्स के बाद बेहद डरा-सहमा रहने लगा था। पिता ने समझाने की कोशिश की, लेकिन हालात नहीं बदले। इसी तनाव के बीच युवक ने ऐसा कदम उठा लिया, जिसने सभी को झकझोर दिया।
मामला पलवल जिले के होडल रेलवे स्टेशन के पास का है। मृतक की पहचान गांव वली मोहम्मदपुर उर्फ लहरपुर निवासी ओमप्रकाश के रूप में हुई है, जिसकी शादी 29 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के शेरगढ़ निवासी भूमिका के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी।
शिकायत के अनुसार, 30 अप्रैल को दुल्हन विदा होकर घर आई, लेकिन उसी रात ओमप्रकाश और भूमिका के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि 1 मई की सुबह से ओमप्रकाश के फोन पर अजय निषाद, संजीव, नारायण सिंह और वेदराम नामक युवकों के कॉल आने लगे, जो दुल्हन के परिचित बताए गए हैं।
परिजनों का आरोप है कि युवक को फोन पर प्रताड़ित और ब्लैकमेल किया गया।
आरोपों के अनुसार, लगातार मानसिक तनाव झेल रहे ओमप्रकाश ने 1 मई की दोपहर होडल रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के करीब 16 दिन बाद जीआरपी फरीदाबाद ने मृतक की पत्नी भूमिका समेत पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

