हाँसी। हरियाणा के हांसी में दिव्य दरबार लगाकर पर्चा निकालने वाले बाबा दिनेश पुरी अब बड़े विवादों में घिर गए हैं। करनाल की साध्वी देवा ठाकुर ने बाबा दिनेश पुरी को आड़े हाथों लेते हुए उन पर फर्जीवाड़े और धन उगाही के लिए सनातन धर्म को बदनाम करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। देवा फाउंडेशन की प्रमुख साध्वी ने एक लाइव वीडियो जारी कर बाबा को सीधी चेतावनी दी है।
यू-ट्यूबर्स के जरिए प्रचार करने का आरोप
नंद नगर स्थित बालाजी धाम में दरबार लगाने वाले दिनेश पुरी पर कटाक्ष करते हुए साध्वी ने कहा कि बाबा महीने में दो बार दरबार सजाते हैं और इसके प्रचार के लिए यू-ट्यूबर को 3 से 5 हजार रुपये देकर अपनी वीडियो प्रमोट करवाते हैं। साध्वी ने सवाल उठाया कि यदि बाबा के पास सच में दिव्य शक्तियां हैं, तो उन्हें अपनी वीडियो वायरल करवाने के लिए विज्ञापनों और बूस्टिंग का सहारा क्यों लेना पड़ रहा है। उन्होंने चुनौती दी कि बाबा कोई ऐसा मंत्र बताएं जिससे वीडियो अपने आप वायरल हो जाए।
कानूनी कार्रवाई और पोल खुलने का दावा
साध्वी देवा ठाकुर ने वीडियो में कहा कि बाबा पर दो मामले दर्ज हो चुके हैं लेकिन उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब बाबा लोगों को तंत्र करने वाले का नाम बता सकते हैं, तो उन्हें अपराधियों के बारे में भी पुलिस और प्रशासन की मदद करनी चाहिए। साध्वी ने यह भी दावा किया कि जल्द ही 15-20 अन्य लोग बाबा की पोल खोलेंगे और कई लोग उन पर मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं।
अस्पताल बंद कराने की दी चुनौती
साध्वी ने दिनेश पुरी की शक्तियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो बाबा पर्चे के जरिए प्रेत देखने और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां ठीक करने का दावा करते हैं, उन्हें हांसी के अस्पतालों को बंद करवाकर पूरे इलाके को बीमारी मुक्त कर देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि हर पूर्णमासी को दरबार लगाकर लाखों रुपये की कमाई की जा रही है और आस्था के नाम पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। साध्वी के अनुसार, ऐसी गतिविधियां भगवा और सनातन धर्म की छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं।

